नरहरपुर, कांकेर और चारामा में अलग-अलग तिथियों पर होगा आयोजन, सोलर प्लांट लगाने के इच्छुक उपभोक्ता ले सकेंगे योजना का लाभ
उत्तर बस्तर कांकेर, 29 अगस्त 2026
प्रधानमंत्री सूर्य घर मुफ्त बिजली योजना का लाभ अधिक से अधिक लोगों तक पहुंचाने के लिए जिले के शहरी क्षेत्रों में विशेष शिविरों का आयोजन किया जाएगा। कलेक्टर श्री कुंदन कुमार के निर्देशानुसार आयोजित इन शिविरों में उपभोक्ताओं को योजना की जानकारी देने के साथ सोलर प्लांट लगाने के इच्छुक लोगों से आवेदन भी लिए जाएंगे।
जिला पंचायत सीईओ एवं योजना के नोडल अधिकारी श्री हरेश मंडावी ने बताया कि आवासीय परिसरों में सोलर प्लांट स्थापित करने के इच्छुक उपभोक्ता निर्धारित तिथियों पर आयोजित शिविरों में पहुंचकर योजना की जानकारी प्राप्त कर आवेदन जमा कर सकते हैं।
निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार 1 सितंबर मंगलवार को नरहरपुर के तहसील कार्यालय परिसर में शिविर लगाया जाएगा। इसके बाद 2 सितंबर बुधवार को कांकेर के न्यू कम्युनिटी हॉल में तथा 3 सितंबर गुरुवार को चारामा नगर पंचायत क्षेत्र में बस स्टैंड के बाजू स्थित गांधी मैदान में शिविर आयोजित किया जाएगा।
प्रधानमंत्री सूर्य घर मुफ्त बिजली योजना के तहत आवासीय परिसरों में सोलर प्लांट स्थापित करने के लिए केंद्र एवं राज्य सरकार द्वारा आकर्षक सब्सिडी प्रदान की जा रही है। योजना के अंतर्गत 1 किलोवाट क्षमता का सोलर प्लांट लगाने पर 45 हजार रुपये, 2 किलोवाट क्षमता के लिए 90 हजार रुपये तथा 3 किलोवाट क्षमता का सोलर प्लांट स्थापित करने पर 1 लाख 8 हजार रुपये तक की सब्सिडी का प्रावधान है।
शिविरों के माध्यम से उपभोक्ताओं को योजना की पात्रता, आवेदन प्रक्रिया और सब्सिडी सहित अन्य महत्वपूर्ण जानकारी उपलब्ध कराई जाएगी। प्रशासन ने सोलर प्लांट लगवाने के इच्छुक उपभोक्ताओं से निर्धारित तिथि और स्थान पर पहुंचकर इस योजना का लाभ उठाने की अपील की है।
