रानी सती तालाब, हाईटेक बस स्टैंड और वशिष्ठ कम्युनिटी हॉल के जीर्णोद्धार सहित कई विकास कार्यों को मिलेगी गति
जशपुरनगर, 29 अगस्त 2026
उप मुख्यमंत्री श्री अरुण साव ने जशपुर जिले के विकास को गति देने के लिए 93 करोड़ रुपये से अधिक के विभिन्न विकास कार्यों का भूमिपूजन किया। जशपुर कम्युनिटी हॉल में आयोजित कार्यक्रम के दौरान उन्होंने जिलेवासियों को विकास कार्यों की बड़ी सौगात देते हुए कहा कि जशपुर के विकास के लिए धन की कोई कमी नहीं होने दी जाएगी।
उप मुख्यमंत्री ने अमृत मिशन के तहत 86.99 करोड़ रुपये की जल प्रदाय योजना तथा 7 करोड़ रुपये की लागत से गंदे पानी के शुद्धीकरण के लिए वाटर फिल्टर से संबंधित कार्यों का भूमिपूजन किया। इन परियोजनाओं से क्षेत्र में जलापूर्ति व्यवस्था को मजबूत करने और स्वच्छ जल उपलब्ध कराने में मदद मिलेगी।
जशपुर नगर के विकास के लिए 4 करोड़ 68 लाख रुपये के विभिन्न कार्यों की घोषणा भी उप मुख्यमंत्री ने की। उन्होंने कहा कि शहर के विकास और नागरिक सुविधाओं के विस्तार के लिए आवश्यकतानुसार राशि स्वीकृत की जाएगी। रानी सती तालाब के विकास के लिए 4.30 करोड़ रुपये, हाईटेक बस स्टैंड के लिए 11.99 करोड़ रुपये तथा वशिष्ठ कम्युनिटी हॉल के जीर्णोद्धार के लिए 80 लाख रुपये की राशि स्वीकृत किए जाने की बात कही गई।
उप मुख्यमंत्री श्री साव ने कहा कि सरकार का उद्देश्य जशपुर सहित पूरे प्रदेश में बुनियादी सुविधाओं को मजबूत करना और शहरों को आधुनिक एवं सुविधायुक्त बनाना है। जलापूर्ति, स्वच्छता, परिवहन और नागरिक सुविधाओं से जुड़े विकास कार्यों को प्राथमिकता के साथ आगे बढ़ाया जा रहा है। उन्होंने आश्वस्त किया कि जशपुर के विकास के लिए आवश्यक संसाधनों की कमी नहीं होने दी जाएगी।
कार्यक्रम में वनवासी कल्याण आश्रम के महामंत्री श्री योगेश बापट, छत्तीसगढ़ भवन एवं अन्य सन्निर्माण कर्मकार कल्याण मंडल के अध्यक्ष डॉ. रामप्रताप सिंह, नगर पालिका अध्यक्ष श्री अरविन्द भगत, जशपुर जनपद पंचायत अध्यक्ष श्री गंगा राम भगत, कलेक्टर श्री रोहित व्यास, वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक डॉ. लाल उमेद सिंह, मुख्य नगर पालिका अधिकारी श्री योगेश्वर उपाध्याय सहित अन्य जनप्रतिनिधि एवं अधिकारी उपस्थित रहे।
