कक्षा 8वीं, 9वीं और 11वीं में प्रवेश का अवसर, विज्ञान संकाय में 16 और कला में 1 सीट रिक्त
रायगढ़, 29 अगस्त 2026
एकलव्य आदर्श आवासीय विद्यालय छोटेमुड़पार, खरसिया में शैक्षणिक सत्र 2026-27 के लिए रिक्त सीटों पर विद्यार्थियों को लेटरल एंट्री के माध्यम से प्रवेश दिया जाएगा। विद्यालय में कक्षा 8वीं, 9वीं और 11वीं की कुल 19 रिक्त सीटों के लिए इच्छुक विद्यार्थियों से आवेदन आमंत्रित किए गए हैं।
रिक्त सीटों में कक्षा 8वीं में 1, कक्षा 9वीं में 1 तथा कक्षा 11वीं में कुल 17 सीटें शामिल हैं। इनमें विज्ञान संकाय की 16 और कला संकाय की 1 सीट है। प्रवेश के इच्छुक पालक एवं विद्यार्थी विद्यालय कार्यालय में संपर्क कर निर्धारित प्रक्रिया के तहत आवेदन जमा कर सकते हैं।
आवेदन के साथ विद्यार्थी को अंकसूची की छायाप्रति, आधार कार्ड, जाति प्रमाण पत्र, निवास प्रमाण पत्र एवं पासपोर्ट साइज फोटो संलग्न करना होगा। आवेदन जमा करने की अंतिम तिथि 7 सितंबर 2026 शाम 5 बजे निर्धारित की गई है।
कक्षा 8वीं एवं 9वीं में अंग्रेजी माध्यम के लिए निर्धारित रिक्त सीटों से अधिक आवेदन प्राप्त होने की स्थिति में प्रवेश परीक्षा आयोजित की जाएगी। प्रवेश परीक्षा 9 सितंबर 2026 को होगी। वहीं कक्षा 11वीं में विद्यार्थियों का चयन कक्षा 10वीं की अंकसूची के आधार पर तैयार की जाने वाली मेरिट सूची के माध्यम से किया जाएगा।
एकलव्य आदर्श आवासीय विद्यालय में प्रवेश का यह अवसर विद्यार्थियों के लिए बेहतर शैक्षणिक वातावरण और गुणवत्तापूर्ण शिक्षा से जुड़ने का महत्वपूर्ण मौका है। इच्छुक विद्यार्थी निर्धारित समय-सीमा के भीतर आवश्यक दस्तावेजों के साथ आवेदन प्रस्तुत कर सकते हैं।
प्रवेश संबंधी विस्तृत जानकारी के लिए एडमिशन इंचार्ज श्री जवाहर लाल सिन्हा, पीजीटी हिन्दी, से मोबाइल नंबर +91-8839201173 पर संपर्क किया जा सकता है।
