भानुप्रतापपुर के छात्रों ने किया केटीयू का शैक्षणिक भ्रमण
रायपुर, 26 अगस्त 2026
कुशाभाऊ ठाकरे पत्रकारिता एवं जनसंचार विश्वविद्यालय (केटीयू), रायपुर में शासकीय महर्षि वाल्मीकि कॉलेज, भानुप्रतापपुर के पत्रकारिता विभाग के विद्यार्थियों ने शैक्षणिक भ्रमण किया। विद्यार्थियों ने विश्वविद्यालय की विभिन्न प्रयोगशालाओं का अवलोकन किया और कुलपति प्रो. मनोज दयाल से संवाद कर जनसंचार एवं पत्रकारिता के क्षेत्र की बारीकियों को समझा।
कुलपति प्रो. मनोज दयाल ने विद्यार्थियों को संबोधित करते हुए कहा कि सकारात्मक और निष्पक्ष पत्रकारिता ही सशक्त एवं नए समाज के निर्माण का प्रभावी माध्यम है। उन्होंने छात्रों को मीडिया के विभिन्न माध्यमों का नियमित अध्ययन करने तथा अपनी रचनात्मकता और लेखन कौशल को विकसित करने के लिए प्रेरित किया।

शैक्षणिक भ्रमण के दौरान विद्यार्थियों ने विश्वविद्यालय के टीवी स्टूडियो, कम्युनिटी रेडियो, कंप्यूटर लैब, पुस्तकालय और निर्माणाधीन एआई एवं मीडिया रिसर्च लैब का अवलोकन किया। महर्षि वाल्मीकि कॉलेज के शिक्षक श्रीदाम ढ़ाली के मार्गदर्शन में आए विद्यार्थियों ने कम्युनिटी रेडियो ‘संवाद 98.2 एफएम’ में अपने संदेश भी रिकॉर्ड किए। छात्रों ने जनसंचार, इलेक्ट्रॉनिक मीडिया, विज्ञापन एवं जनसंपर्क विभाग के प्राध्यापकों और शोधार्थियों से संवाद कर विश्वविद्यालय की विभिन्न गतिविधियों और शोध कार्यों की जानकारी प्राप्त की।
विद्यार्थियों ने कुलपति प्रो. मनोज दयाल, कुलसचिव सुनील शर्मा और सहायक कुलसचिव देव सिंह पाटिल सहित विभिन्न विभागाध्यक्षों से मार्गदर्शन प्राप्त किया। उन्होंने शैक्षणिक भ्रमण को ज्ञानवर्धक और प्रेरणादायक अनुभव बताया।
