नए बस स्टैंड के लिए 6.50 करोड़ और नगर पालिका कार्यालय के लिए 3.50 करोड़ रुपए की घोषणा
रायपुर, 22 अगस्त 2026
महासमुंद शहर में विकास कार्यों को नई गति देते हुए उप मुख्यमंत्री एवं नगरीय प्रशासन एवं विकास मंत्री श्री अरुण साव ने आज लोहिया चौक में आयोजित कार्यक्रम में 31 करोड़ 60 लाख रुपए के विभिन्न विकास कार्यों का भूमिपूजन किया। इस दौरान उन्होंने शहर के नए बस स्टैंड को आधुनिक और सुविधायुक्त बनाने के लिए 6 करोड़ 50 लाख रुपए तथा नगर पालिका के नए कार्यालय भवन के निर्माण के लिए 3 करोड़ 50 लाख रुपए देने की घोषणा की।
उप मुख्यमंत्री श्री साव ने कहा कि मुख्यमंत्री श्री विष्णु देव साय के नेतृत्व में राज्य सरकार प्रदेश के सभी शहरों को स्वच्छ, सुंदर और बेहतर सुविधाओं से युक्त बनाने के लिए लगातार कार्य कर रही है। सरकार का लक्ष्य है कि विकास का लाभ बिना किसी भेदभाव के हर क्षेत्र और हर वर्ग तक पहुंचे। उन्होंने कहा कि पिछले ढाई वर्षों में प्रदेश में अधोसंरचना विकास को विशेष गति मिली है।

उन्होंने बताया कि प्रदेश में पिछले ढाई वर्षों के दौरान 12 हजार 666 करोड़ रुपए के पुल-पुलिया निर्माण कार्य स्वीकृत किए गए हैं। महासमुंद जिले में भी 468 विभिन्न विकास कार्यों को प्रशासकीय स्वीकृति दी गई है। उन्होंने कहा कि सड़क, पुल-पुलिया और अन्य अधोसंरचनात्मक कार्यों से शहरों और ग्रामीण क्षेत्रों में आवागमन बेहतर होने के साथ विकास की नई संभावनाएं भी तैयार होती हैं।
श्री साव ने महासमुंद को स्वच्छता के क्षेत्र में देश का अग्रणी शहर बनाने का आह्वान करते हुए नागरिकों से विकास में सक्रिय भागीदारी की अपील की। उन्होंने कहा कि शहर को स्वच्छ और सुंदर बनाना केवल प्रशासन की जिम्मेदारी नहीं, बल्कि प्रत्येक नागरिक की सामूहिक जिम्मेदारी है। उन्होंने युवाओं के लिए प्रदेश में स्वीकृत 38 नालंदा परिसरों का भी उल्लेख किया और कहा कि सरकार युवाओं के बेहतर भविष्य के लिए शिक्षा और प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी के अवसर मजबूत कर रही है।

महासमुंद विधायक श्री योगेश्वर राजू सिन्हा ने कहा कि मुख्यमंत्री श्री विष्णु देव साय और उप मुख्यमंत्री श्री अरुण साव के मार्गदर्शन में जिले में लगातार विकास कार्य आगे बढ़ रहे हैं। उन्होंने बताया कि गौरव पथ और तुमगांव रोड का निर्माण जारी है, जबकि नहर लिंकिंग रोड स्वीकृत हो चुका है। सीकासेर का पानी कोडार तक पहुंच रहा है और सिरपुर बैराज को भी मंजूरी मिल चुकी है। उन्होंने शहर के भविष्य के विस्तार को देखते हुए रिंग रोड की आवश्यकता पर भी जोर दिया।

नए बस स्टैंड और नगर पालिका कार्यालय भवन की घोषणा को शहर की बढ़ती जरूरतों के अनुरूप महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है। आधुनिक बस स्टैंड बनने से यात्रियों और बस संचालकों को बेहतर सुविधाएं मिलेंगी, वहीं नया नगर पालिका भवन प्रशासनिक कार्यों के लिए आवश्यक अधोसंरचना उपलब्ध कराएगा।
नगर पालिका अध्यक्ष श्री निखिल कांत साहू ने विकास कार्यों के लिए उप मुख्यमंत्री का आभार जताया। उन्होंने शहर की बढ़ती आबादी और विस्तार को देखते हुए महासमुंद नगर पालिका को नगर निगम का दर्जा देने की मांग भी रखी।
कार्यक्रम में पूर्व राज्य मंत्री श्री पूनम चंद्राकर, पूर्व विधायक डॉ. विमल चोपड़ा, छत्तीसगढ़ राज्य बीज एवं कृषि विकास निगम के अध्यक्ष श्री चन्द्रहास चन्द्राकर, कलेक्टर श्री विनय कुमार लंगेह सहित जनप्रतिनिधि, अधिकारी-कर्मचारी और बड़ी संख्या में नागरिक उपस्थित रहे।
