नालंदा परिसरों को समय-सीमा में पूरा करने के निर्देश, बारिश से क्षतिग्रस्त सड़कों की तत्काल मरम्मत के आदेश
जांजगीर, 20 अगस्त 2026। उप मुख्यमंत्री श्री अरुण साव ने आज जांजगीर जिला मुख्यालय में जांजगीर-चांपा और सक्ती जिले के अधिकारियों की संयुक्त बैठक लेकर लोक निर्माण, लोक स्वास्थ्य यांत्रिकी, नगरीय प्रशासन एवं विकास तथा खेलकूद एवं युवा कल्याण विभाग के कार्यों और योजनाओं की समीक्षा की।
उन्होंने शासन की प्राथमिकताओं के अनुरूप विकास एवं निर्माण कार्यों में तेजी लाने और पात्र हितग्राहियों को योजनाओं का लाभ समय पर उपलब्ध कराने के निर्देश दिए। उन्होंने स्पष्ट कहा कि स्वीकृत कार्यों में अनावश्यक देरी बर्दाश्त नहीं की जाएगी।

धीमी प्रगति पर नाराजगी, नियमित मॉनिटरिंग के निर्देश
नगरीय निकायों में चल रहे विकास कार्यों की समीक्षा के दौरान श्री साव ने उन कार्यों को तत्काल शुरू कराने के निर्देश दिए, जिनकी स्वीकृति और आवश्यक प्रक्रियाएं पूरी हो चुकी हैं। कार्य प्रारंभ करने में देरी और धीमी प्रगति पर उन्होंने नाराजगी जताते हुए प्राथमिकता वाले कार्यों की नियमित मॉनिटरिंग करने को कहा।
उन्होंने जांजगीर और सक्ती में निर्माणाधीन नालंदा परिसरों की प्रगति की भी समीक्षा की। उन्होंने कहा कि नालंदा परिसर युवाओं और विद्यार्थियों के लिए महत्वपूर्ण परियोजना है, इसलिए इसके निर्माण में किसी भी प्रकार की अनावश्यक देरी नहीं होनी चाहिए।
स्वच्छता और जल प्रबंधन पर जोर
उप मुख्यमंत्री ने 15वें वित्त आयोग और स्वच्छ भारत मिशन (शहरी) के तहत स्वीकृत कार्यों में तेजी लाने के निर्देश दिए। जल आवर्धन योजनाओं को निर्धारित समय-सीमा में पूरा करने के साथ ही स्रोत पर कचरा पृथक्करण एवं संग्रहण, एनर्जी बिल ऑडिट और रेन वाटर हार्वेस्टिंग को प्रभावी बनाने पर जोर दिया।
पीएम स्वनिधि और पीएम आवास योजना सहित अन्य प्राथमिकता वाली योजनाओं की समीक्षा करते हुए उन्होंने पात्र हितग्राहियों के लंबित प्रकरणों का प्राथमिकता से निराकरण करने के निर्देश दिए।
बारिश से खराब सड़कों की तत्काल मरम्मत
लोक निर्माण विभाग की समीक्षा में श्री साव ने टेंडर प्रक्रिया पूरी हो चुके कार्यों को शीघ्र शुरू कराने और प्रगतिरत कार्यों की नियमित निगरानी करने को कहा। उन्होंने निर्माण कार्यों में गुणवत्ता से समझौता नहीं करने के निर्देश दिए।
बारिश से क्षतिग्रस्त सड़कों और सड़कों पर बने गड्ढों की प्राथमिकता के आधार पर तत्काल मरम्मत करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि बेहतर सड़क व्यवस्था से नागरिकों को सुगम आवागमन मिलेगा और दुर्घटनाओं की संभावना भी कम होगी।
ग्रामीण क्षेत्रों में नियमित पेयजल आपूर्ति सुनिश्चित करें
लोक स्वास्थ्य यांत्रिकी विभाग की समीक्षा के दौरान जल जीवन मिशन के तहत पूर्ण और हैंडओवर हो चुकी योजनाओं के नियमित संचालन एवं रखरखाव पर विशेष ध्यान देने के निर्देश दिए गए।
उन्होंने पेयजल आपूर्ति से जुड़ी समस्याओं के त्वरित निराकरण के लिए पंचायत और लोक स्वास्थ्य यांत्रिकी विभाग के अधिकारियों की संयुक्त बैठक आयोजित करने को कहा। पेयजल आपूर्ति बाधित होने की स्थिति में तत्काल कार्रवाई सुनिश्चित करने के निर्देश भी दिए।
खेल प्रतिभाओं को आगे बढ़ाने पर जोर
खेलकूद एवं युवा कल्याण विभाग की समीक्षा में उप मुख्यमंत्री ने ग्रामीण और शहरी क्षेत्रों में खेल गतिविधियों को बढ़ावा देने के निर्देश दिए। उन्होंने खेल प्रतिभाओं की पहचान कर उन्हें मुख्यमंत्री खेल उत्कर्ष योजना के माध्यम से आगे बढ़ने के अवसर उपलब्ध कराने तथा खिलाड़ियों को आवश्यक प्रशिक्षण और मार्गदर्शन देने पर जोर दिया।
नागरिकों की समस्याओं का संवेदनशीलता से करें समाधान
श्री साव ने अधिकारियों को आपसी समन्वय और सहयोग के साथ कार्य करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि कार्यालयों में आने वाले प्रत्येक नागरिक के साथ विनम्रता, संवेदनशीलता और सम्मान के साथ व्यवहार किया जाए।
उन्होंने कहा कि आम नागरिक अपनी समस्याओं के समाधान की उम्मीद लेकर सरकारी कार्यालयों में आते हैं। ऐसे में अधिकारियों और कर्मचारियों का सकारात्मक एवं सहयोगात्मक रवैया जरूरी है, ताकि लोगों को समय पर गुणवत्तापूर्ण सेवाएं मिल सकें।
