नई सहकारी समितियों में बुनियादी सुविधाएं विकसित करने के निर्देश
सहकारिता मंत्री श्री केदार कश्यप ने जिला सहकारी केंद्रीय बैंक के कामकाज की समीक्षा की
रायपुर, 19 अगस्त 2026
सहकारी संस्थाओं को मजबूत करने और किसानों को समय पर ऋण उपलब्ध कराने के लिए प्राथमिक कृषि साख समितियों का कंप्यूटरीकरण किया जा रहा है। वन एवं जलवायु परिवर्तन, परिवहन एवं सहकारिता मंत्री श्री केदार कश्यप ने बिलासपुर जिला सहकारी केंद्रीय बैंक में बैठक लेकर बैंक के कामकाज एवं किसानों के हित में संचालित योजनाओं की समीक्षा की। उन्होंने किसानों को समय पर ऋण एवं अन्य सुविधाओं का लाभ उपलब्ध कराने तथा केंद्र एवं राज्य शासन की योजनाओं का शत-प्रतिशत क्रियान्वयन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।

मंत्री श्री कश्यप ने बताया कि पांच जिलों में 47 नई सहकारी समितियां खोली गई हैं, जिनमें बिलासपुर जिले की 16 समितियां शामिल हैं। उन्होंने इन समितियों में आवश्यक बुनियादी सुविधाएं विकसित करने के निर्देश दिए, ताकि किसानों को स्थानीय स्तर पर सहकारिता सेवाओं का बेहतर लाभ मिल सके।
बैठक में बताया गया कि वर्ष 2026 में किसानों को 73,207.17 लाख रुपये का नगद ऋण तथा 17,273.35 लाख रुपये का वस्तु ऋण वितरित किया गया है। इस प्रकार किसानों को 904 करोड़ 80 लाख रुपये से अधिक की ऋण सुविधा उपलब्ध कराई गई है। मंत्री ने पात्र किसानों को समय पर ऋण उपलब्ध कराने और सहकारी बैंक की सेवाओं को बेहतर बनाने के निर्देश दिए।
उन्होंने सभी प्राथमिक कृषि साख सहकारी समितियों में डेटा एंट्री एवं कंप्यूटराइजेशन का कार्य 31 अगस्त तक शत-प्रतिशत पूरा करने के निर्देश दिए। साथ ही ‘सहकार से समृद्धि’ योजना, अन्न भंडारण योजना, किसान क्रेडिट कार्ड, माइक्रो एटीएम और सीएम हेल्पलाइन से संबंधित प्रकरणों की समीक्षा करते हुए लंबित मामलों का समयबद्ध निराकरण सुनिश्चित करने कहा।
