पर्यटन एवं संस्कृति मंत्री राजेश अग्रवाल ने किया ध्वजारोहण, परेड की ली सलामी
जशपुर, 15 अगस्त 2026। जशपुर जिला मुख्यालय स्थित रणजीता स्टेडियम में 80वां स्वतंत्रता दिवस समारोह देशभक्ति, उत्साह और उल्लास के साथ मनाया गया। जिला स्तरीय मुख्य समारोह में पर्यटन एवं संस्कृति मंत्री राजेश अग्रवाल ने मुख्य अतिथि के रूप में ध्वजारोहण किया और परेड की सलामी ली। इस अवसर पर उन्होंने जिलेवासियों को स्वतंत्रता दिवस की शुभकामनाएं दीं और मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय का स्वतंत्रता दिवस संदेश पढ़कर सुनाया।
राष्ट्रीय ध्वज फहराने के बाद मंत्री राजेश अग्रवाल ने कलेक्टर रोहित व्यास और वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक डॉ. लाल उमेद सिंह के साथ परेड का निरीक्षण किया। समारोह के दौरान शांति और उल्लास के प्रतीक रंग-बिरंगे गुब्बारे भी आसमान में छोड़े गए।
12 प्लाटून ने दी शानदार परेड की प्रस्तुति

समारोह में कुल 12 प्लाटून ने हिस्सा लिया। परेड का नेतृत्व मुख्य परेड कमांडर रक्षित निरीक्षक अमरजीत खुंट ने किया, जबकि टू-आईसी की जिम्मेदारी सूबेदार रवि साहू ने संभाली।
छत्तीसगढ़ सशस्त्र बल, छत्तीसगढ़ पुलिस, महिला पुलिस बल, नगर सेना, एनसीसी, एनएसएस सहित विभिन्न स्कूलों और संस्थाओं के दलों ने अनुशासित एवं शानदार परेड प्रस्तुत की। परेड में महारानी लक्ष्मीबाई कन्या उच्चतर माध्यमिक विद्यालय, वनवासी कल्याण आश्रम, सेंट जेवियर शांति भवन और सरस्वती शिशु मंदिर सहित विभिन्न संस्थाओं के दल शामिल रहे।
स्वतंत्रता सेनानियों के परिजनों का सम्मान
मुख्य समारोह में मंत्री राजेश अग्रवाल ने स्वतंत्रता संग्राम सेनानियों और शहीदों के परिजनों से मुलाकात कर उनका हालचाल जाना। उन्होंने शॉल एवं श्रीफल भेंटकर उनका आत्मीय सम्मान किया।
इस दौरान स्वतंत्रता संग्राम सेनानियों और शहीदों के योगदान को याद करते हुए उनके प्रति कृतज्ञता व्यक्त की गई।
देशभक्ति की प्रस्तुतियों ने मोहा मन
समारोह में स्कूली विद्यार्थियों ने देशभक्ति से ओतप्रोत सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत किए। सेंट जेवियर उच्चतर माध्यमिक विद्यालय के विद्यार्थियों ने बैंड के साथ देशभक्ति की धुनों की शानदार प्रस्तुति दी।
विभिन्न विद्यालयों के विद्यार्थियों ने सामूहिक व्यायाम प्रदर्शन कर समारोह में ऊर्जा और उत्साह का संचार किया। कल्याण आश्रम पूर्व माध्यमिक शाला, सेजेश हिंदी माध्यम शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय, जशपुरांचल इंग्लिश मीडियम स्कूल, सरस्वती शिशु मंदिर, संत जेवियर्स शांति भवन, महारानी लक्ष्मीबाई कन्या उच्चतर माध्यमिक विद्यालय और स्वामी आत्मानंद अंग्रेजी माध्यम नवीन आदर्श जशपुर के छात्र-छात्राओं ने देशभक्ति पर आधारित सांस्कृतिक प्रस्तुतियां दीं।

167 अधिकारी-कर्मचारियों को मिला सम्मान
समारोह में जिले में उत्कृष्ट कार्य करने वाले विभिन्न विभागों के 167 अधिकारी-कर्मचारियों को प्रशस्ति पत्र प्रदान कर सम्मानित किया गया।
सम्मानित होने वालों में पुलिस, शिक्षा, वन, महिला एवं बाल विकास, स्वास्थ्य, कृषि, जिला पंचायत, राजस्व, आदिम जाति कल्याण सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी-कर्मचारी शामिल रहे। उत्कृष्ट कार्य के लिए सम्मान मिलने से अधिकारियों और कर्मचारियों का उत्साह बढ़ा।
जनप्रतिनिधियों और अधिकारियों की रही मौजूदगी
समारोह में सरगुजा विकास प्राधिकरण की उपाध्यक्ष एवं पत्थलगांव विधायक गोमती साय, जशपुर विधायक रायमुनी भगत, नगर पालिका अध्यक्ष अरविन्द भगत, जिला पंचायत उपाध्यक्ष शौर्य प्रताप सिंह जूदेव, जनपद पंचायत अध्यक्ष गंगा राम भगत, कलेक्टर रोहित व्यास, वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक डॉ. लाल उमेद सिंह, जिला पंचायत मुख्य कार्यपालन अधिकारी अभिषेक कुमार, वनमंडलाधिकारी शशि कुमार सहित जनप्रतिनिधि, अधिकारी-कर्मचारी, विद्यार्थी और बड़ी संख्या में नागरिक उपस्थित रहे।
समारोह का संचालन डी. आर. राठिया एवं जयेश सौरभ टोपनो ने किया।
