पुण्यतिथि पर मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने भारत रत्न अटल बिहारी वाजपेयी को किया नमन
रायपुर, 16 अगस्त 2026। मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने पूर्व प्रधानमंत्री और भारत रत्न श्रद्धेय अटल बिहारी वाजपेयी की पुण्यतिथि पर राजधानी रायपुर स्थित मुख्यमंत्री निवास परिसर में उनकी प्रतिमा पर पुष्पांजलि अर्पित कर श्रद्धापूर्वक नमन किया। इस दौरान मुख्यमंत्री ने अटल जी के विराट व्यक्तित्व, राष्ट्रसेवा और छत्तीसगढ़ राज्य के निर्माण में उनके ऐतिहासिक योगदान को याद किया। कार्यक्रम में छत्तीसगढ़ गृह निर्माण एवं अधोसंरचना विकास मंडल के अध्यक्ष अनुराग सिंहदेव भी मौजूद रहे।
मुख्यमंत्री साय ने कहा कि अटल बिहारी वाजपेयी छत्तीसगढ़ के निर्माता और प्रदेशवासियों की भावनाओं का सम्मान करने वाले महान राष्ट्रनायक थे। उन्होंने कहा कि छत्तीसगढ़ राज्य का निर्माण अटल जी के दूरदर्शी नेतृत्व, दृढ़ संकल्प और संवेदनशील सोच का परिणाम है।

छत्तीसगढ़ निर्माण में अटल जी का ऐतिहासिक योगदान
मुख्यमंत्री ने कहा कि अटल जी ने छत्तीसगढ़ की भौगोलिक परिस्थितियों, विकास की जरूरतों और अलग राज्य की वर्षों पुरानी जनआकांक्षा को समझा। प्रधानमंत्री के रूप में उन्होंने इस मांग को साकार करते हुए छत्तीसगढ़ को अलग राज्य की पहचान दिलाई।
उन्होंने कहा कि अटल जी का यह ऐतिहासिक निर्णय प्रदेश के इतिहास में हमेशा स्वर्णाक्षरों में दर्ज रहेगा।
अटल जी से मिली प्रेरणा को मुख्यमंत्री ने किया याद
मुख्यमंत्री साय ने कहा कि अटल जी का छत्तीसगढ़ से संबंध केवल राजनीतिक नहीं, बल्कि आत्मीय और भावनात्मक भी था। उन्होंने अटल जी के साथ जुड़ी अपनी स्मृतियों को साझा करते हुए कहा कि उन्हें उनका स्नेह, आशीर्वाद और मार्गदर्शन प्राप्त करने का सौभाग्य मिला।
मुख्यमंत्री ने कहा कि अटल जी का स्नेह और मार्गदर्शन आज भी उन्हें जनसेवा के पथ पर आगे बढ़ने के लिए प्रेरित करता है।

संवेदनशीलता और लोकतांत्रिक मूल्यों के प्रतीक थे अटल जी
मुख्यमंत्री ने कहा कि अटल बिहारी वाजपेयी का व्यक्तित्व बहुआयामी था। वे संवेदनशील कवि, प्रखर पत्रकार, ओजस्वी वक्ता और दूरदर्शी राजनेता के रूप में भारतीय जनमानस पर अमिट छाप छोड़ गए।
उन्होंने कहा कि अटल जी ऐसे सर्वस्वीकार्य नेता थे, जिन्हें राजनीतिक सीमाओं से ऊपर उठकर सभी वर्गों का सम्मान और स्नेह प्राप्त था। वैचारिक दृढ़ता के साथ विनम्रता, संवेदनशीलता और संवाद उनके सार्वजनिक जीवन की प्रमुख विशेषताएं थीं। राष्ट्रहित उनके लिए हमेशा सर्वोपरि रहा।
गांव, गरीब, किसान और जनजातीय समाज के उत्थान पर जोर
मुख्यमंत्री साय ने कहा कि अटल जी ने सुशासन और अंत्योदय को शासन का आधार बनाकर विकास की ऐसी विरासत स्थापित की, जो आज भी देश को दिशा दे रही है।
उन्होंने प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना का उल्लेख करते हुए कहा कि गांवों को सड़कों से जोड़ने की इस ऐतिहासिक पहल ने ग्रामीण भारत के सामाजिक और आर्थिक विकास को नई गति दी। किसानों के कल्याण और ग्रामीण अर्थव्यवस्था को मजबूत करने के लिए अटल सरकार द्वारा उठाए गए कदमों का भी दूरगामी प्रभाव पड़ा।
मुख्यमंत्री ने कहा कि जनजातीय समाज के सर्वांगीण विकास को प्राथमिकता देते हुए अटल जी के कार्यकाल में पृथक जनजातीय कार्य मंत्रालय का गठन किया गया। यह निर्णय जनजातीय समुदायों के अधिकारों, विकास और आकांक्षाओं के प्रति उनकी संवेदनशीलता को दर्शाता है।
अटल जी के सुशासन और अंत्योदय के मार्ग पर छत्तीसगढ़
मुख्यमंत्री साय ने कहा कि अटल जी ने जिस छत्तीसगढ़ की आधारशिला रखी, उसे समृद्ध, विकसित और आत्मनिर्भर बनाना सभी का दायित्व है।
उन्होंने कहा कि राज्य सरकार अटल जी के सुशासन, अंत्योदय और जनकल्याण के मूल्यों को आत्मसात करते हुए प्रदेश के अंतिम व्यक्ति तक विकास का लाभ पहुंचाने के लिए प्रतिबद्ध है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि छत्तीसगढ़ आज विकास और सुशासन के नए अध्याय लिख रहा है। सरकार के प्रयास गांव, गरीब, किसान, युवा, महिला और जनजातीय समाज के जीवन में सकारात्मक बदलाव लाने पर केंद्रित हैं।
विकसित छत्तीसगढ़ का निर्माण ही सच्ची श्रद्धांजलि
मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने कहा कि श्रद्धेय अटल बिहारी वाजपेयी का जीवन, विचार और आदर्श नेतृत्व देश और प्रदेश के लिए हमेशा प्रेरणा का स्रोत बने रहेंगे। छत्तीसगढ़ के निर्माता के रूप में उनका योगदान कभी भुलाया नहीं जा सकता।
उन्होंने कहा कि अटल जी के सपनों के अनुरूप समृद्ध, विकसित और आत्मनिर्भर छत्तीसगढ़ का निर्माण करना ही उनके प्रति सच्ची श्रद्धांजलि होगी।
