रायपुर, 13 अगस्त 2026।
छत्तीसगढ़ में बारिश और अतिवृष्टि से खराब हुई सड़कों और पुलों की मरम्मत को लेकर लोक निर्माण विभाग ने तेजी से काम शुरू करने के निर्देश दिए हैं। नवा रायपुर स्थित PWD मुख्यालय में दुर्ग परिक्षेत्र के निर्माण कार्यों की समीक्षा बैठक हुई, जिसकी अध्यक्षता विभाग के सचिव मुकेश कुमार बंसल ने की।
सड़क-पुलों की मरम्मत सर्वोच्च प्राथमिकता
बैठक में PWD सचिव ने अतिवृष्टि और बाढ़ से क्षतिग्रस्त सड़कों एवं पुलों के सुधार कार्यों को सर्वोच्च प्राथमिकता से पूरा करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि प्रभावित क्षेत्रों में आवागमन जल्द से जल्द बहाल किया जाए।
मानसून के दौरान सड़कों पर पेच रिपेयरिंग और गड्ढों को भरने का काम तत्काल करने को कहा गया। वहीं परफॉर्मेंस गारंटी वाली सड़कों की मरम्मत नहीं करने वाले ठेकेदारों को नोटिस देकर कार्रवाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए।
निर्माण कार्यों की गुणवत्ता पर रहेगी नजर
सचिव मुकेश कुमार बंसल ने अधिकारियों को निर्माण कार्यों की गुणवत्ता और निर्धारित समय-सीमा का विशेष ध्यान रखने को कहा। सभी अभियंताओं को सप्ताह में कम से कम दो दिन निर्माण स्थलों का निरीक्षण करने और ठेकेदारों के साथ नियमित समन्वय बनाए रखने के निर्देश दिए गए।
3 महीने के भीतर होगा बिलों का भुगतान
बैठक में पूर्ण हो चुके निर्माण कार्यों के GST, रॉयल्टी और ठेकेदारों के अंतिम भुगतान समेत सभी देयकों का निपटारा करने के निर्देश दिए गए। कार्य पूर्ण होने के तीन महीने के भीतर भुगतान और प्रमाण पत्र उपलब्ध कराकर कार्यों को PWD-IMS में क्लोज करने को कहा गया।
वहीं सरकारी आयोजनों और कार्यक्रमों से जुड़े बिलों का भुगतान एक महीने के भीतर करने के निर्देश दिए गए।
31 अगस्त तक पूरी करनी होगी कई प्रक्रियाएं
PWD-IMS में विभाग के सभी कार्यों की एंट्री 31 अगस्त तक पूरी करने को कहा गया है। साथ ही वित्तीय वर्ष 2025-26 और 2026-27 के प्राथमिकता वाले नए कार्यों के प्राक्कलन भी निर्धारित समय-सीमा में जमा करने के निर्देश दिए गए।
मुख्यमंत्री हेल्पलाइन, CPGRAMS और लोक सेवा गारंटी से जुड़ी शिकायतों के त्वरित निराकरण पर भी विशेष जोर दिया गया।
बैठक में विभागीय अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिए गए कि निर्माण कार्यों में गुणवत्ता, समय-सीमा और जवाबदेही से किसी भी तरह का समझौता नहीं किया जाए।
