सूरजपुर, 13 अगस्त 2026।
स्वतंत्रता दिवस के मद्देनजर ‘हर घर तिरंगा’ अभियान के तहत सूरजपुर जिले में राष्ट्रभक्ति का उत्साह देखने को मिला। भैयाथान, भटगांव और लटोरी में भव्य तिरंगा यात्राओं का आयोजन किया गया, जिसमें बड़ी संख्या में विद्यार्थियों, युवाओं और स्थानीय नागरिकों ने हिस्सा लिया।
महिला एवं बाल विकास तथा समाज कल्याण मंत्री और भटगांव विधायक श्रीमती लक्ष्मी राजवाड़े ने तीनों स्थानों पर पहुंचकर तिरंगा यात्राओं का नेतृत्व किया।
भैयाथान में गूंजे देशभक्ति के नारे
भैयाथान के केंवरा चौक से निकली तिरंगा यात्रा में बड़ी संख्या में स्कूली छात्र-छात्राएं और युवा शामिल हुए। हाथों में तिरंगा लिए विद्यार्थियों ने देशभक्ति के नारों के साथ पूरे क्षेत्र को राष्ट्रप्रेम के रंग में रंग दिया।
भटगांव में ‘भारत माता की जय’ से गूंजा क्षेत्र
इसके बाद भटगांव के त्रिपाठी चौक में तिरंगा यात्रा निकाली गई। इसमें विद्यार्थियों, शिक्षकों और स्थानीय नागरिकों की उत्साहपूर्ण भागीदारी रही। ‘भारत माता की जय’ और ‘वंदे मातरम्’ के नारों से पूरा क्षेत्र गूंज उठा।
लटोरी में सैकड़ों विद्यार्थियों ने लिया हिस्सा
लटोरी के हाई स्कूल ग्राउंड से निकली तिरंगा यात्रा में विभिन्न विद्यालयों के सैकड़ों विद्यार्थियों ने हिस्सा लिया। बड़ी संख्या में युवाओं की मौजूदगी ने यात्रा में खास ऊर्जा भर दी और राष्ट्रभक्ति का संदेश जन-जन तक पहुंचाया।
‘तिरंगा हमारी आन, बान और शान का प्रतीक’
मंत्री श्रीमती लक्ष्मी राजवाड़े ने कहा कि तिरंगा देश की आन, बान और शान का प्रतीक है। विद्यार्थियों और युवाओं ने जिस उत्साह के साथ तिरंगा यात्रा में भाग लिया, वह देश के उज्ज्वल और सुरक्षित भविष्य की तस्वीर है।
उन्होंने कहा कि स्वतंत्रता दिवस केवल उत्सव मनाने का अवसर नहीं है, बल्कि देश की आजादी के लिए अपना सर्वस्व न्योछावर करने वाले स्वतंत्रता सेनानियों के त्याग और बलिदान को याद करने का भी दिन है।
मंत्री ने कहा कि ऐसे आयोजनों का उद्देश्य युवाओं को राष्ट्र निर्माण में सक्रिय भूमिका निभाने के लिए प्रेरित करना और उनमें राष्ट्रभक्ति, एकता एवं स्वाभिमान की भावना को मजबूत करना है।
तिरंगा यात्राओं में शिक्षक-शिक्षिकाओं, छात्र-छात्राओं, जनप्रतिनिधियों, सामाजिक संगठनों के प्रतिनिधियों और बड़ी संख्या में क्षेत्रवासियों की भागीदारी रही। इन आयोजनों से सूरजपुर जिले में स्वतंत्रता दिवस को लेकर राष्ट्रभक्ति और जनभागीदारी का उत्साहपूर्ण माहौल नजर आया।
