बलौदाबाजार, 13 अगस्त 2026।
बलौदाबाजार के जिला ऑडिटोरियम में ‘नशामुक्त विकसित भारत, नशामुक्त सशक्त युवा’ एवं संत रविदास जयंती के अवसर पर युवा नेतृत्व एवं कौशल विकास क्षमता कार्यशाला का आयोजन किया गया। उच्च शिक्षा विभाग और राष्ट्रीय सेवा योजना राज्य प्रकोष्ठ द्वारा आयोजित इस कार्यक्रम में वित्त मंत्री श्री ओ.पी. चौधरी मुख्य वक्ता के रूप में शामिल हुए।
वित्त मंत्री ने युवाओं से जीवन की चुनौतियों का मजबूती से सामना करते हुए अपने निर्धारित लक्ष्य की दिशा में लगातार प्रयास करने का आह्वान किया।
कठिनाइयों से घबराएं नहीं, उन्हें पार कर आगे बढ़ें
श्री चौधरी ने कहा कि युवाओं में अपार ऊर्जा और क्षमता है। यदि इस ऊर्जा को सही दिशा दी जाए तो समाज और देश में सकारात्मक बदलाव लाया जा सकता है।
उन्होंने आदि शंकराचार्य, स्वामी विवेकानंद, खुदीराम बोस और शहीद भगत सिंह जैसे युवाओं का उदाहरण देते हुए कहा कि कम उम्र में ही इन महान व्यक्तित्वों ने देश और समाज पर गहरा प्रभाव छोड़ा।
मंत्री ने कहा कि जीवन में कठिनाइयां आना स्वाभाविक है, लेकिन उनसे घबराकर हार नहीं माननी चाहिए। उन्होंने युवाओं को समझाते हुए कहा कि जैसे सड़क के गड्ढों की वजह से यात्रा नहीं रोकते, बल्कि उन्हें पार कर आगे बढ़ते हैं, उसी तरह जीवन की चुनौतियों को पार करते हुए लक्ष्य की ओर बढ़ना चाहिए।
डिग्री के साथ कौशल भी जरूरी
वित्त मंत्री ने कहा कि आज के दौर में केवल डिग्री हासिल करना पर्याप्त नहीं है। युवाओं को अपनी रुचि और क्षमता के अनुरूप कौशल विकसित करना होगा, ताकि वे बदलते रोजगार बाजार की जरूरतों के अनुसार खुद को तैयार कर सकें।
उन्होंने बताया कि प्रदेश सरकार 200 युवाओं को यूपीएससी की निःशुल्क कोचिंग उपलब्ध करा रही है। साथ ही विभिन्न विभागों में सरकारी पदों पर भर्ती की प्रक्रिया भी जारी है।
2047 के विकसित भारत में युवाओं की अहम भूमिका
श्री चौधरी ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में भारत तेजी से आगे बढ़ रहा है। वर्ष 2047 तक भारत को विकसित राष्ट्र बनाने के संकल्प को पूरा करने में युवाओं की भूमिका बेहद महत्वपूर्ण है।
उन्होंने युवाओं से सोशल मीडिया का इस्तेमाल सकारात्मक तरीके से करने की अपील की। उन्होंने कहा कि सोशल मीडिया ज्ञान, विचारों के आदान-प्रदान और रचनात्मक गतिविधियों का प्रभावी माध्यम बन सकता है, इसलिए युवाओं को भ्रामक और नकारात्मक सामग्री से दूरी बनानी चाहिए।
नशे के खिलाफ मिलकर लड़ने की जरूरत: टंकराम वर्मा
राजस्व मंत्री श्री टंकराम वर्मा ने कहा कि युवाओं में बढ़ती नशे की प्रवृत्ति समाज और राष्ट्र के सामने गंभीर चुनौती है। केवल नशे की आलोचना करने से समस्या खत्म नहीं होगी, बल्कि समाज के सभी वर्गों को मिलकर इसके खिलाफ अभियान चलाना होगा।
उन्होंने कहा कि वर्ष 2047 तक भारत को विकसित राष्ट्र बनाने में युवा शक्ति की महत्वपूर्ण भूमिका है। यदि युवा नशे की गिरफ्त में आते हैं तो इसका नुकसान पूरे देश को होता है।
कार्यशाला में पूर्व विधानसभा अध्यक्ष श्री गौरीशंकर अग्रवाल सहित जनप्रतिनिधि, अधिकारी-कर्मचारी और बड़ी संख्या में युवा उपस्थित रहे।
