राजनांदगांव। संस्कारधानी राजनांदगांव अब खेलों की राजधानी के रूप में भी अपनी पहचान मजबूत कर रहा है। दिग्विजय स्टेडियम में जिला बैडमिंटन एसोसिएशन द्वारा आयोजित 25वीं छत्तीसगढ़ स्टेट जूनियर रैंकिंग बैडमिंटन टूर्नामेंट का शुभारंभ विधानसभा अध्यक्ष डॉ. रमन सिंह और उप मुख्यमंत्री अरुण साव ने किया।
9 से 13 अगस्त 2026 तक आयोजित इस प्रतियोगिता में प्रदेशभर से अंडर-19 बालक और बालिका वर्ग के खिलाड़ी हिस्सा ले रहे हैं। उद्घाटन अवसर पर अतिथियों ने खिलाड़ियों से मुलाकात कर उनका उत्साहवर्धन किया और बेहतर प्रदर्शन के लिए शुभकामनाएं दीं।
राजनांदगांव को खेल नगरी बनाने पर जोर
विधानसभा अध्यक्ष डॉ. रमन सिंह ने कहा कि राजनांदगांव में प्रदेश स्तरीय बैडमिंटन प्रतियोगिता का आयोजन गर्व की बात है। उन्होंने खिलाड़ियों से अनुशासन, निरंतर अभ्यास और मेहनत के साथ आगे बढ़ने का आह्वान किया।
उन्होंने कहा कि राजनांदगांव में हॉकी, फुटबॉल, क्रिकेट, बास्केटबॉल, बैडमिंटन, जूडो, कराटे और कुश्ती सहित कई खेलों में प्रतिभाएं लगातार सामने आ रही हैं। खेल नगरी के रूप में राजनांदगांव को और विकसित करने के लिए मैदान, कोर्ट, प्रशिक्षण सुविधाओं और अन्य खेल संसाधनों को मजबूत किया जा रहा है।
‘जो खेलेगा, वही खिलेगा’—अरुण साव
उप मुख्यमंत्री अरुण साव ने खिलाड़ियों और आयोजकों को शुभकामनाएं देते हुए कहा कि राजनांदगांव संस्कारधानी के साथ-साथ अब खेलों की राजधानी के रूप में भी पहचान बना रहा है।
उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के संदेश ‘जो खेलेगा, वही खिलेगा’ को आत्मसात करते हुए खिलाड़ी पूरी लगन और मेहनत से खेलें और देश का नाम रोशन करें।
उप मुख्यमंत्री ने बताया कि प्रदेश सरकार खेल और खिलाड़ियों की बेहतरी के लिए लगातार काम कर रही है। इस वर्ष 156 खिलाड़ियों को उत्कृष्ट खिलाड़ी घोषित किया गया है। वहीं मुख्यमंत्री खेल उत्कर्ष मिशन के लिए 100 करोड़ रुपये का प्रावधान किया गया है, जिसका उपयोग खेल अधोसंरचना, प्रशिक्षण और खिलाड़ियों की सुविधाओं के विकास में किया जाएगा।
विश्व स्तर पर नाम रोशन कर चुके हैं राजनांदगांव के खिलाड़ी
अरुण साव ने कहा कि राजनांदगांव में कई प्रतिभाशाली खिलाड़ी हैं। ज्ञानेश्वरी यादव जैसे खिलाड़ियों ने विश्व स्तर पर जिले का नाम रोशन किया है। उन्होंने विश्वास जताया कि इस प्रतियोगिता से भी नई खेल प्रतिभाएं सामने आएंगी, जो आगे चलकर प्रदेश और देश का नाम रोशन करेंगी।
खिलाड़ियों को बेहतर सुविधाएं देने की मांग
सांसद संतोष पाण्डेय ने भी खिलाड़ियों को शुभकामनाएं दीं। उन्होंने कहा कि राजनांदगांव में वॉलीबॉल, फुटबॉल, हॉकी और बैडमिंटन सहित विभिन्न खेलों की प्रतिभाएं लगातार उभर रही हैं।
उन्होंने दिग्विजय स्टेडियम परिसर में उपलब्ध भवनों और संसाधनों का खिलाड़ियों के हित में बेहतर उपयोग करने तथा बैडमिंटन सहित अन्य खेलों के प्रशिक्षण और अभ्यास के लिए आवश्यक अधोसंरचना विकसित करने पर जोर दिया।
प्रदेश स्तरीय इस प्रतियोगिता के जरिए राजनांदगांव में युवा बैडमिंटन खिलाड़ियों को अपनी प्रतिभा दिखाने का बड़ा मंच मिला है। अब नजरें उन खिलाड़ियों पर हैं, जो इस टूर्नामेंट में शानदार प्रदर्शन कर प्रदेश और राष्ट्रीय स्तर पर अपनी पहचान बनाने की ओर कदम बढ़ाएंगे।
