रायपुर। स्वतंत्रता दिवस से पहले राजधानी रायपुर आज देशभक्ति के रंग में रंगी नजर आई। बलबीर सिंह जुनेजा इंडोर स्टेडियम से सुभाष स्टेडियम तक निकली भव्य तिरंगा यात्रा में हजारों नागरिक शामिल हुए। मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने स्वयं हाथ में तिरंगा थामकर यात्रा का नेतृत्व किया और लोगों के साथ कदम से कदम मिलाया।
यात्रा में युवाओं से लेकर महिलाओं, बच्चों, बुजुर्गों, पूर्व सैनिकों और विभिन्न सामाजिक वर्गों के लोगों ने उत्साहपूर्वक हिस्सा लिया। भारत माता के जयघोष, वंदे मातरम् और देशभक्ति के गीतों से पूरा रायपुर गूंज उठा।
लगभग एक किलोमीटर लंबा तिरंगा रहा आकर्षण का केंद्र
तिरंगा यात्रा में स्कूली विद्यार्थियों ने करीब एक किलोमीटर लंबे राष्ट्रध्वज को हाथों में थामकर अनुशासित तरीके से यात्रा की। सड़क पर दूर तक फैला विशाल तिरंगा राष्ट्रीय एकता और देशभक्ति का संदेश देता नजर आया।
मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने कहा कि तिरंगा देश की आन, बान और शान है। यह केवल राष्ट्रीय ध्वज नहीं, बल्कि भारत की एकता, अखंडता, स्वाभिमान और स्वतंत्रता सेनानियों के बलिदान का प्रतीक है। उन्होंने कहा कि देश की विविधता के बावजूद तिरंगा 140 करोड़ भारतीयों को एक सूत्र में बांधता है।
नई पीढ़ी को स्वतंत्रता के संघर्ष से परिचित कराना जरूरी
मुख्यमंत्री ने कहा कि आजादी हमें आसानी से नहीं मिली। इसके पीछे लाखों देशवासियों का संघर्ष, त्याग और बलिदान है। नई पीढ़ी को स्वतंत्रता सेनानियों के योगदान और आजादी के वास्तविक मूल्य से परिचित कराना हम सभी की जिम्मेदारी है।
उन्होंने छत्तीसगढ़ के वीर सपूत शहीद वीर नारायण सिंह और बस्तर के महान जननायक गुण्डाधुर को याद करते हुए उनके साहस और संघर्ष को प्रदेश के गौरवशाली इतिहास का हिस्सा बताया।
बदलते बस्तर में शांति और विकास के साथ लहराएगा तिरंगा
मुख्यमंत्री साय ने कहा कि बस्तर हिंसा और भय के लंबे दौर को पीछे छोड़कर शांति, विश्वास और विकास की दिशा में आगे बढ़ रहा है। उन्होंने कहा कि अब बस्तर की पहचान हिंसा से नहीं, बल्कि शांति, विकास और नई संभावनाओं से बनेगी। स्वतंत्रता दिवस पर बस्तर के गांवों और दूरस्थ अंचलों में भी तिरंगा पूरे गौरव के साथ लहराएगा।
पुष्पवर्षा से हुआ यात्रा का स्वागत
तिरंगा यात्रा के मार्ग में जगह-जगह नागरिकों ने पुष्पवर्षा कर यात्रा का स्वागत किया। लोगों ने अपने घरों और प्रतिष्ठानों से तिरंगा लहराकर राष्ट्रध्वज के प्रति सम्मान व्यक्त किया। ‘भारत माता की जय’, ‘वंदे मातरम्’ और ‘झंडा ऊंचा रहे हमारा’ के नारों से पूरा वातावरण राष्ट्रभक्ति से सराबोर रहा।
उप मुख्यमंत्रियों ने भी किया राष्ट्रप्रेम का आह्वान
उप मुख्यमंत्री अरुण साव ने कहा कि तिरंगा स्वतंत्रता सेनानियों के त्याग और बलिदान के प्रति कृतज्ञता का प्रतीक है। उन्होंने कहा कि बड़ी संख्या में युवाओं की भागीदारी नई पीढ़ी के मजबूत राष्ट्रप्रेम को दर्शाती है।
वहीं उप मुख्यमंत्री विजय शर्मा ने तिरंगा यात्रा को राष्ट्रभक्ति की सामूहिक अभिव्यक्ति बताया। उन्होंने प्रदेशवासियों से स्वतंत्रता दिवस पर अपने घरों में पूरे सम्मान के साथ तिरंगा फहराने और ‘हर घर तिरंगा’ अभियान से जुड़ने का आह्वान किया।
बलबीर सिंह जुनेजा इंडोर स्टेडियम से सुभाष स्टेडियम तक निकली इस यात्रा में पूरा रायपुर तिरंगे के रंग में रंगा नजर आया। हजारों हाथों में लहराते राष्ट्रध्वज और राष्ट्रभक्ति के नारों के बीच राजधानी से एक ही संदेश गूंजा— भारत एक है, भारत श्रेष्ठ है और राष्ट्र सर्वाेपरि है।
