निर्धारित दर से अधिक कीमत पर यूरिया बिक्री की शिकायत सही मिली; कृषि विभाग ने की कार्रवाई, विक्रेता से मांगा जवाब
रायपुर, 09 अगस्त 2026। किसानों को निर्धारित दर पर रासायनिक उर्वरक उपलब्ध कराने के लिए जशपुर जिले में कृषि विभाग की जांच और निगरानी लगातार जारी है। इसी अभियान के तहत पत्थलगांव विकासखंड के अन्नपूर्णा खाद भंडार में निर्धारित मूल्य से अधिक कीमत पर यूरिया बेचने की शिकायत पर कार्रवाई की गई है।
कृषि विभाग पत्थलगांव की टीम ने शिकायत के आधार पर प्रतिष्ठान का निरीक्षण और सत्यापन किया। जांच के दौरान निर्धारित दर से अधिक कीमत पर यूरिया बेचने की पुष्टि हुई।
7 दिनों के लिए खाद भंडार सील
मामले को गंभीरता से लेते हुए कृषि विभाग ने उर्वरक नियंत्रण आदेश, 1985 के प्रावधानों के उल्लंघन पर संबंधित प्रतिष्ठान के खिलाफ कार्रवाई की।
विभाग ने अन्नपूर्णा खाद भंडार को 7 दिनों के लिए सील कर दिया है। इसके साथ ही संबंधित उर्वरक विक्रेता से मामले में लिखित जवाब भी मांगा गया है।
किसानों से ज्यादा कीमत न देने की अपील
उप संचालक कृषि ने बताया कि जिले में रासायनिक उर्वरकों की उपलब्धता, वितरण और निर्धारित दर पर बिक्री की लगातार निगरानी की जा रही है।
उन्होंने स्पष्ट किया कि किसानों को निर्धारित मूल्य से अधिक कीमत पर उर्वरक बेचना नियमों का उल्लंघन है। ऐसे मामलों में संबंधित विक्रेताओं के खिलाफ उर्वरक नियंत्रण आदेश और प्रचलित नियमों के तहत सख्त कार्रवाई की जाएगी।
यूरिया खरीदते समय किसान जरूर रखें पक्की रसीद
कृषि विभाग ने किसानों से अपील की है कि यूरिया और अन्य रासायनिक उर्वरक खरीदते समय निर्धारित दर से अधिक भुगतान न करें और पक्की रसीद जरूर लें।
यदि कोई विक्रेता निर्धारित दर से अधिक कीमत वसूलता है या उर्वरक वितरण में किसी तरह की अनियमितता करता है, तो किसान तत्काल कृषि विभाग को इसकी सूचना दें।
जांच टीम में ये अधिकारी रहे मौजूद
कार्रवाई के दौरान अनुविभागीय कृषि अधिकारी पत्थलगांव श्री आर.के. पैंकरा, वरिष्ठ कृषि विकास अधिकारी श्री जीवन एक्का, कृषि विकास अधिकारी श्री मंत्री राम राठिया और ग्रामीण कृषि विस्तार अधिकारी श्री कृष्ण कुमार चौधरी मौजूद रहे।
