रायपुर। स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर छत्तीसगढ़ में इस वर्ष ‘हर घर तिरंगा’ और ‘वंदे मातरम्’ अभियान को जनभागीदारी के साथ भव्य रूप से मनाया जाएगा। मुख्यमंत्री श्री विष्णुदेव साय के नेतृत्व में 7 से 17 अगस्त 2026 तक पूरे प्रदेश में तिरंगा यात्राओं, वंदे मातरम् गायन, सांस्कृतिक कार्यक्रमों और विभिन्न देशभक्ति गतिविधियों का आयोजन किया जाएगा। इस वर्ष का अभियान ‘वंदे मातरम्’ के 150वें वर्ष के स्मरणोत्सव को समर्पित है।
9 से 17 अगस्त तक चलेगा ‘हर घर तिरंगा’ अभियान
संस्कृति विभाग द्वारा जारी कार्यक्रम के अनुसार, प्रदेश के सभी जिलों में 9 से 17 अगस्त तक ‘हर घर तिरंगा’ अभियान संचालित किया जाएगा। वहीं 7 से 15 अगस्त तक ‘वंदे मातरम्’ गायन और विभिन्न सांस्कृतिक कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे।
15 अगस्त को ध्वजारोहण के बाद पूरे राज्य में सामूहिक राष्ट्रगान और वंदे मातरम् का सामूहिक गायन किया जाएगा।
तिरंगा यात्राएं, रैलियां और मैराथन से गूंजेगा प्रदेश
अभियान के दौरान जिला मुख्यालयों, विकासखंडों, ग्राम पंचायतों और शैक्षणिक संस्थानों में तिरंगा यात्राएं, बाइक एवं कार रैलियां, मशाल रैलियां और तिरंगा मैराथन का आयोजन होगा।
इन कार्यक्रमों में जनप्रतिनिधियों, स्व-सहायता समूहों, पुलिस, NCC, NSS, स्काउट-गाइड, विद्यार्थी और आम नागरिक बड़ी संख्या में भाग लेंगे।
तिरंगा सेल्फी और देशभक्ति कॉन्सर्ट होंगे आकर्षण का केंद्र
अभियान के तहत नागरिक अपने घरों पर फहराए गए तिरंगे के साथ सेल्फी लेकर ‘हर घर तिरंगा’ पोर्टल पर अपलोड कर सकेंगे।
इसके अलावा सार्वजनिक स्थानों पर तिरंगा कैनवास, तिरंगा मेले और देशभक्ति कॉन्सर्ट आयोजित किए जाएंगे। इन आयोजनों के माध्यम से स्थानीय स्वदेशी उत्पादों और कारीगरों को भी प्रोत्साहन दिया जाएगा।
प्रदेशभर में ऑडियो और वीडियो बूथ भी स्थापित किए जाएंगे, जहां नागरिक स्वयं ‘वंदे मातरम्’ गाकर अपनी रिकॉर्डिंग अपलोड कर सकेंगे।
14 अगस्त को मनाया जाएगा ‘विभाजन विभीषिका स्मरण दिवस’
14 अगस्त को ‘विभाजन विभीषिका स्मरण दिवस’ के अवसर पर भारत विभाजन की त्रासदी और स्वतंत्रता संग्राम के वीर बलिदानियों को याद करते हुए विशेष प्रदर्शनियों का आयोजन किया जाएगा।
इस अवसर पर राज्य पुलिस बैंड द्वारा विभिन्न सार्वजनिक स्थलों पर देशभक्ति गीतों की संगीतमय प्रस्तुतियां भी दी जाएंगी।
जनभागीदारी से मनाया जाएगा स्वतंत्रता का महापर्व
संस्कृति विभाग के अनुसार, इस वर्ष का ‘हर घर तिरंगा’ अभियान केवल तिरंगा फहराने तक सीमित नहीं रहेगा, बल्कि जनभागीदारी के माध्यम से राष्ट्रभक्ति, राष्ट्रीय एकता और स्वतंत्रता सेनानियों के प्रति सम्मान की भावना को मजबूत करने का व्यापक जनआंदोलन बनेगा। मुख्यमंत्री श्री विष्णुदेव साय के नेतृत्व में प्रदेशभर में आयोजित होने वाले ये कार्यक्रम स्वतंत्रता दिवस के उत्सव को और अधिक भव्य एवं प्रेरणादायक बनाएंगे।
