रायपुर। मुख्यमंत्री हेल्पलाइन 1076 एक बार फिर आम नागरिकों के लिए मददगार साबित हुई। सुकमा जिले के जनपद पंचायत कोंटा अंतर्गत ग्राम पंचायत ढोंढरा निवासी सोड़ी नंदा का प्रधानमंत्री आवास योजना-ग्रामीण के तहत पक्का घर बनाने का सपना मुख्यमंत्री हेल्पलाइन की त्वरित कार्रवाई से पूरा हुआ। शिकायत के बाद उन्हें योजना की लंबित तीसरी किस्त के 25 हजार रुपये समय पर प्राप्त हो गए।
आवास निर्माण पूरा, लेकिन तीसरी किस्त मिलने में हो रही थी देरी
सोड़ी नंदा ने 22 मार्च 2026 को प्रधानमंत्री आवास योजना-ग्रामीण के तहत अपने मकान का निर्माण पूरा कर लिया था। हालांकि, तीसरी किस्त की राशि समय पर नहीं मिलने से वे चिंतित थे और योजना का पूरा लाभ मिलने का इंतजार कर रहे थे।
मुख्यमंत्री हेल्पलाइन 1076 पर दर्ज कराई शिकायत
समस्या के समाधान के लिए सोड़ी नंदा ने 24 जून 2026 को मुख्यमंत्री हेल्पलाइन 1076 पर कॉल कर तीसरी किस्त जारी कराने का अनुरोध किया। शिकायत प्राप्त होते ही संबंधित अधिकारियों ने मामले की तत्काल जांच शुरू की।
जांच में पता चला कि राज्य शासन से राशि प्राप्त होने के बाद 6 जून 2026 को तीसरी किस्त के लिए एफटीओ (फंड ट्रांसफर ऑर्डर) तैयार कर दिया गया था। आवश्यक प्रक्रिया पूरी होने के बाद 25 जून 2026 को 25,000 रुपये की तीसरी किस्त सीधे उनके बैंक खाते में जमा कर दी गई।
‘हेल्पलाइन से मिला त्वरित समाधान’
राशि प्राप्त होने के बाद सोड़ी नंदा ने मुख्यमंत्री हेल्पलाइन के माध्यम से मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय और पंचायत एवं ग्रामीण विकास विभाग के प्रति आभार व्यक्त किया।
उन्होंने कहा कि हेल्पलाइन पर शिकायत दर्ज कराने के बाद उनकी समस्या का त्वरित समाधान हुआ और उन्हें समय पर योजना का लाभ मिल सका। उन्होंने यह भी कहा कि अब शासन की योजनाओं और व्यवस्था पर उनका विश्वास पहले से अधिक मजबूत हुआ है।
शासन और जनता के बीच भरोसे का मजबूत सेतु बनी हेल्पलाइन 1076
यह मामला दर्शाता है कि मुख्यमंत्री हेल्पलाइन 1076 केवल शिकायत दर्ज करने का मंच नहीं, बल्कि आम नागरिकों और शासन के बीच भरोसे का प्रभावी माध्यम बन चुकी है।
वहीं प्रधानमंत्री आवास योजना-ग्रामीण के प्रभावी क्रियान्वयन से पात्र हितग्राहियों को समयबद्ध वित्तीय सहायता उपलब्ध कराई जा रही है, जिससे ग्रामीण परिवारों का पक्के घर का सपना तेजी से साकार हो रहा है।
