रायपुर | 5 अगस्त 2026
मुख्यमंत्री श्री विष्णुदेव साय ने वन महोत्सव-2026 का शुभारंभ करते हुए नया रायपुर में अपनी मां के नाम पर पीपल का पौधा लगाया और प्रदेशव्यापी ‘पीपल फॉर पीपुल’ अभियान की शुरुआत की। इस अभियान के तहत लगभग 15 एकड़ क्षेत्र में 2,500 से अधिक पीपल के पौधे लगाए गए।
मुख्यमंत्री ने प्रदेशवासियों से ‘एक पेड़ माँ के नाम’ अभियान से जुड़ने का आह्वान करते हुए कहा कि प्रकृति का संरक्षण केवल पर्यावरण की जरूरत नहीं, बल्कि आने वाली पीढ़ियों के प्रति हमारी जिम्मेदारी भी है। उन्होंने कहा कि भारतीय संस्कृति में पीपल का वृक्ष आस्था, पर्यावरण संरक्षण और जैव विविधता का प्रतीक माना जाता है।
मुख्यमंत्री ने बताया कि प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी द्वारा शुरू किया गया ‘एक पेड़ माँ के नाम’ अभियान अब जनआंदोलन का रूप ले चुका है। छत्तीसगढ़ में पिछले दो वर्षों में 7 करोड़ से अधिक पौधे लगाए जा चुके हैं, जबकि इस वर्ष ढाई करोड़ पौधे लगाने का लक्ष्य निर्धारित किया गया है।
उन्होंने कहा कि वृक्षारोपण तभी सफल माना जाएगा जब लगाए गए पौधों का संरक्षण भी सुनिश्चित किया जाए। उन्होंने नागरिकों से अपने घर, खेत, विद्यालय या कार्यस्थल पर कम से कम एक पौधा लगाने और उसकी देखभाल करने की अपील की।
जलवायु परिवर्तन की चुनौती का उल्लेख करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि बढ़ते तापमान और प्रदूषण से निपटने के लिए वृक्षारोपण सबसे प्रभावी उपायों में से एक है। उन्होंने केंद्रीय कृषि एवं किसान कल्याण मंत्री शिवराज सिंह चौहान के प्रतिदिन एक पौधा लगाने के संकल्प को भी प्रेरणादायक बताया।
वन एवं जलवायु परिवर्तन मंत्री केदार कश्यप ने कहा कि ‘पीपल फॉर पीपुल’ अभियान हरित, स्वच्छ और स्वस्थ भविष्य के निर्माण का संकल्प है। उन्होंने बताया कि वन विभाग द्वारा पिछले दो वर्षों में प्रदेशभर में करीब 7 करोड़ 50 लाख पौधे लगाए जा चुके हैं और नागरिकों से स्वतंत्रता दिवस पर तिरंगा फहराने के साथ एक पौधा लगाने की भी अपील की।
कार्यक्रम में उप मुख्यमंत्री विजय शर्मा, वित्त मंत्री ओ.पी. चौधरी, खाद्य मंत्री दयाल दास बघेल, स्वास्थ्य मंत्री श्याम बिहारी जायसवाल, उद्योग मंत्री लखनलाल देवांगन, राजस्व मंत्री टंकराम वर्मा, वन विकास निगम के अध्यक्ष रामसेवक पैकरा सहित कई जनप्रतिनिधियों, अधिकारियों और नागरिकों ने पौधारोपण कर पर्यावरण संरक्षण का संकल्प लिया।
