रायपुर, 1 अगस्त 2026। छत्तीसगढ़ सरकार की महतारी वंदन योजना ग्रामीण महिलाओं के आर्थिक सशक्तिकरण में अहम भूमिका निभा रही है। सुकमा जिले के दोरनापाल परियोजना अंतर्गत ग्राम कामापेदागुड़ा की निवासी श्रीमती मड़कम कामे इस योजना से लाभान्वित होकर अपने परिवार की आर्थिक स्थिति मजबूत करने के साथ अन्य महिलाओं के लिए भी प्रेरणा बन गई हैं।
योजना के तहत मिलने वाली मासिक आर्थिक सहायता का उपयोग मड़कम कामे परिवार की आवश्यक जरूरतों को पूरा करने में कर रही हैं। उनका कहना है कि इस सहायता से घर की आर्थिक स्थिति पहले से बेहतर हुई है और उन्हें आर्थिक सुरक्षा का भरोसा मिला है।
सरकारी योजनाओं से बदली जिंदगी
मड़कम कामे को प्रधानमंत्री आवास योजना के तहत पक्का मकान भी मिला है। वहीं जल जीवन मिशन के माध्यम से उनके घर तक शुद्ध पेयजल की सुविधा पहुंची है। इन योजनाओं से परिवार का जीवन अधिक सुरक्षित और सुविधाजनक हो गया है।
अन्य महिलाओं को कर रहीं प्रेरित
मड़कम कामे अब अपने गांव और आसपास की महिलाओं को भी सरकारी योजनाओं का लाभ उठाकर आत्मनिर्भर बनने के लिए प्रेरित कर रही हैं। उन्होंने कहा कि सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं ने उनके परिवार को नई उम्मीद और आर्थिक मजबूती दी है।
