रायपुर। पवित्र सावन माह में शिवभक्तों की सुविधा के लिए उप मुख्यमंत्री एवं कवर्धा विधायक विजय शर्मा की पहल पर अमरकंटक स्थित मृत्युंजय आश्रम में कांवड़ यात्रियों के लिए निःशुल्क सेवा शिविर संचालित किया जा रहा है। यहां श्रद्धालुओं के लिए भोजन, विश्राम, पेयजल, प्राथमिक चिकित्सा और अन्य आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध कराई जा रही हैं।
पहले दिन 500 श्रद्धालुओं ने ग्रहण किया प्रसाद
सावन के पहले दिन करीब 500 कांवड़ियों और श्रद्धालुओं ने मृत्युंजय आश्रम में प्रसादी ग्रहण की। यह सेवा पूरे सावन माह तक जारी रहेगी।
शिविर में श्रद्धालुओं के लिए सुबह चाय-नाश्ता, दोपहर और रात्रि का सात्विक भोजन, विश्राम स्थल, स्वच्छ पेयजल, शौचालय और प्राथमिक चिकित्सा जैसी सुविधाएं निःशुल्क उपलब्ध कराई जा रही हैं।
‘शिवभक्तों की सेवा ही शिव सेवा है’
उप मुख्यमंत्री विजय शर्मा ने कहा कि सावन भगवान शिव की आराधना का पवित्र महीना है और शिवभक्तों की सेवा करना शिव सेवा के समान है।
उन्होंने कहा कि कांवड़ यात्रा कठिन होती है। ऐसे में सरकार और समाज का प्रयास है कि श्रद्धालुओं को यात्रा के दौरान किसी प्रकार की असुविधा न हो और वे पूरी श्रद्धा के साथ अपनी यात्रा पूरी कर सकें।
खुड़िया और लमनी में बने आधुनिक प्रतीक्षालय
कांवड़ यात्रियों की सुविधा के लिए खुड़िया और लमनी में लगभग 20-20 लाख रुपये की लागत से आधुनिक प्रतीक्षालय बनाए गए हैं।
सावन माह के दौरान आपातकालीन स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराने के लिए एक विशेष एंबुलेंस की भी व्यवस्था की गई है, ताकि जरूरत पड़ने पर श्रद्धालुओं को तत्काल चिकित्सा सहायता मिल सके।
पिछले वर्ष 80 हजार श्रद्धालुओं ने लिया था लाभ
जानकारी के अनुसार, पिछले वर्ष 80 हजार से अधिक श्रद्धालुओं ने इस सेवा का लाभ लिया था। इस वर्ष श्रद्धालुओं की बढ़ती संख्या को देखते हुए सेवा केंद्र की व्यवस्थाओं का और विस्तार किया गया है।
भक्ति के साथ सेवा का भी संदेश
मृत्युंजय आश्रम पहुंचने वाले श्रद्धालुओं का सेवा समिति के सदस्यों द्वारा स्वागत किया जा रहा है। भोजन, विश्राम और अन्य सुविधाओं के साथ यह सेवा केंद्र श्रद्धालुओं के लिए आस्था, सहयोग और जनसेवा का केंद्र बनकर उभर रहा है।
उप मुख्यमंत्री विजय शर्मा की पहल पर संचालित यह अभियान सावन के दौरान शिवभक्तों को सुविधा उपलब्ध कराने के साथ समाज सेवा और मानवीय संवेदनाओं का भी संदेश दे रहा है।
