रायपुर, 31 जुलाई। मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय की पहल पर जशपुर जिले में ग्रामीण अधोसंरचना को मजबूत करने के लिए राज्य सरकार ने चार प्रमुख ग्रामीण संपर्क मार्गों के निर्माण हेतु 8 करोड़ 44 लाख 68 हजार रुपये की प्रशासकीय स्वीकृति प्रदान की है। वर्ष 2025-26 के बजट प्रावधान के तहत स्वीकृत इन परियोजनाओं से ग्रामीण क्षेत्रों की कनेक्टिविटी बेहतर होगी और शिक्षा, स्वास्थ्य, कृषि तथा व्यापारिक गतिविधियों को नई गति मिलेगी।
स्वीकृत परियोजनाओं में बुलडेगा-रेचवाघाट (1.20 किमी) मार्ग के निर्माण के लिए 1.23 करोड़ रुपये, खुंटापानी-सलियामुड़ा (3 किमी) मार्ग के लिए 3.46 करोड़ रुपये, कोसमभावना-बनगांव (1.20 किमी) मार्ग एवं पुल-पुलिया निर्माण के लिए 1.43 करोड़ रुपये, तथा बुलडेगा मेन रोड-सुकबासुपारा-भिंजपुर (2.50 किमी) मार्ग के लिए 2.30 करोड़ रुपये स्वीकृत किए गए हैं।
इन सड़कों के निर्माण से ग्रामीणों को वर्षभर सुरक्षित और सुगम आवागमन की सुविधा मिलेगी। किसानों को कृषि उपज बाजार तक पहुंचाने में आसानी होगी, विद्यार्थियों और मरीजों के लिए स्कूल एवं स्वास्थ्य संस्थानों तक पहुंच बेहतर होगी, वहीं स्थानीय व्यापार और सामाजिक-आर्थिक गतिविधियों को भी बढ़ावा मिलेगा।
स्थानीय जनप्रतिनिधियों और ग्रामीणों ने इस निर्णय पर मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय के प्रति आभार व्यक्त करते हुए कहा कि राज्य सरकार ग्रामीण विकास को प्राथमिकता देते हुए लगातार जनहितकारी फैसले ले रही है। इन परियोजनाओं के पूरा होने से जशपुर जिले के दूरस्थ क्षेत्रों के विकास को नई गति मिलने की उम्मीद है।
