रायपुर, 31 जुलाई। मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने नई दिल्ली स्थित कर्तव्य भवन में केंद्रीय उपभोक्ता मामले, खाद्य एवं सार्वजनिक वितरण मंत्री प्रह्लाद जोशी से मुलाकात कर छत्तीसगढ़ से 5 लाख मीट्रिक टन चावल के शीघ्र उठाव और हर महीने पर्याप्त रेलवे रैक उपलब्ध कराने का आग्रह किया।
मुख्यमंत्री ने कहा कि चावल का समय पर परिवहन होने से गोदामों में नई फसल के भंडारण के लिए पर्याप्त स्थान उपलब्ध होगा और किसानों से धान खरीदी की प्रक्रिया अधिक सुचारु ढंग से संचालित की जा सकेगी।
उन्होंने बताया कि खरीफ विपणन वर्ष 2025-26 के लिए छत्तीसगढ़ को केंद्रीय पूल हेतु 73 लाख टन चावल उपलब्ध कराने का लक्ष्य मिला है। इस लक्ष्य की समयबद्ध पूर्ति के लिए राज्य को हर महीने कम से कम 250 रेलवे रैक उपलब्ध कराए जाने का अनुरोध किया गया है।
केंद्रीय मंत्री प्रह्लाद जोशी ने मुख्यमंत्री के अनुरोध पर सकारात्मक प्रतिक्रिया देते हुए आवश्यक सहयोग का आश्वासन दिया। इस दौरान मुख्यमंत्री के प्रमुख सचिव सुबोध सिंह भी मौजूद रहे।
