रायपुर। कॉमनवेल्थ गेम्स-2026 में महिलाओं की 53 किलोग्राम वेटलिफ्टिंग स्पर्धा में रजत पदक जीतकर देश और छत्तीसगढ़ का नाम रोशन करने वाली ज्ञानेश्वरी यादव को मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने वीडियो कॉल के माध्यम से बधाई दी। मुख्यमंत्री ने उनकी इस ऐतिहासिक उपलब्धि पर प्रसन्नता व्यक्त करते हुए कहा कि यह सफलता पूरे प्रदेश के लिए गर्व का विषय है और इससे राज्य के युवा खिलाड़ियों को नई प्रेरणा मिलेगी।
मुख्यमंत्री श्री साय ने ज्ञानेश्वरी यादव से आत्मीय बातचीत करते हुए कहा कि यह उपलब्धि वर्षों की कठिन मेहनत, अनुशासन, समर्पण और निरंतर अभ्यास का परिणाम है। उन्होंने कहा कि प्रतियोगिता के लिए रवाना होने से पहले भी उनसे मुलाकात हुई थी और अब उनकी सफलता के बाद दोबारा बात करके उन्हें बेहद खुशी हो रही है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि “आपने अपने उत्कृष्ट प्रदर्शन से न केवल छत्तीसगढ़, बल्कि पूरे देश का गौरव बढ़ाया है। हमें विश्वास है कि आने वाले समय में भी आप अंतरराष्ट्रीय प्रतियोगिताओं में भारत का तिरंगा और ऊंचा करेंगी तथा नई उपलब्धियां हासिल करेंगी।”
उन्होंने कहा कि ज्ञानेश्वरी यादव की यह सफलता प्रदेश के युवाओं, विशेषकर बेटियों के लिए प्रेरणादायी है। उनकी मेहनत यह संदेश देती है कि यदि लक्ष्य स्पष्ट हो और लगातार प्रयास किए जाएं तो विश्व मंच पर भी सफलता हासिल की जा सकती है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य सरकार खिलाड़ियों को बेहतर प्रशिक्षण, आधुनिक खेल सुविधाएं और आवश्यक संसाधन उपलब्ध कराने के लिए लगातार प्रयास कर रही है। सरकार का उद्देश्य प्रदेश की प्रतिभाओं को राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर अपनी क्षमता दिखाने के लिए बेहतर अवसर उपलब्ध कराना है। उन्होंने कहा कि खिलाड़ियों को प्रोत्साहन देना सरकार की प्राथमिकताओं में शामिल है और भविष्य में भी यह प्रयास जारी रहेगा।
वीडियो कॉल के दौरान ज्ञानेश्वरी यादव ने मुख्यमंत्री श्री विष्णु देव साय के स्नेह, प्रोत्साहन और शुभकामनाओं के लिए आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री का आशीर्वाद और प्रदेशवासियों का प्यार उन्हें भविष्य में और अधिक मेहनत करने तथा देश के लिए स्वर्ण पदक जीतने की प्रेरणा देता है।
उल्लेखनीय है कि राजनांदगांव निवासी ज्ञानेश्वरी यादव छत्तीसगढ़ पुलिस में सहायक उप निरीक्षक (ASI) के पद पर कार्यरत हैं। नौकरी के साथ खेल में लगातार उत्कृष्ट प्रदर्शन करते हुए उन्होंने अपनी अलग पहचान बनाई है। कॉमनवेल्थ गेम्स-2026 में रजत पदक जीतकर उन्होंने एक बार फिर साबित किया है कि कड़ी मेहनत और समर्पण के दम पर अंतरराष्ट्रीय मंच पर भी सफलता हासिल की जा सकती है।
ज्ञानेश्वरी यादव की इस उपलब्धि पर प्रदेशभर में खुशी का माहौल है। खेल प्रेमियों, खिलाड़ियों और विभिन्न संगठनों ने उन्हें बधाई देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की है। उनकी सफलता को छत्तीसगढ़ के खेल इतिहास की एक महत्वपूर्ण उपलब्धि माना जा रहा है, जो आने वाली पीढ़ी के खिलाड़ियों के लिए प्रेरणा का स्रोत बनेगी।
