रायपुर। बीजापुर जिले के भैरमगढ़ विकासखंड के दूरस्थ ग्राम मंडेम में मोबाइल नेटवर्क टॉवर शुरू होने से ग्रामीण अब डिजिटल कनेक्टिविटी की मुख्यधारा से जुड़ गए हैं। लंबे समय से नेटवर्क की समस्या से जूझ रहे लोगों को अब बेहतर संचार और इंटरनेट सेवाओं का लाभ मिलेगा।
जिला मुख्यालय से करीब 60 किलोमीटर दूर स्थित मंडेम में पहले मोबाइल नेटवर्क की कमी के कारण ग्रामीणों को फोन कॉल, इंटरनेट और ऑनलाइन सेवाओं का उपयोग करने में कठिनाई होती थी। नए मोबाइल टॉवर के संचालन से यह समस्या काफी हद तक दूर हो गई है।
बेहतर नेटवर्क मिलने से अब गांव के विद्यार्थी ऑनलाइन पढ़ाई, प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी और रोजगार संबंधी जानकारी आसानी से प्राप्त कर सकेंगे। वहीं ग्रामीण डिजिटल बैंकिंग, यूपीआई भुगतान, ऑनलाइन आवेदन और ई-गवर्नेंस सेवाओं का भी लाभ उठा सकेंगे।
स्वास्थ्य क्षेत्र में भी टेलीमेडिसिन जैसी सुविधाओं तक पहुंच आसान होगी, जबकि आपातकालीन परिस्थितियों में संपर्क स्थापित करना पहले की तुलना में अधिक सरल हो जाएगा।
ग्रामीणों ने मोबाइल टॉवर शुरू होने पर खुशी जताते हुए कहा कि लंबे समय से इस सुविधा का इंतजार था। उनका मानना है कि बेहतर नेटवर्क से शिक्षा, स्वास्थ्य, बैंकिंग और रोजगार के नए अवसरों तक पहुंच आसान होगी और गांव के विकास को नई गति मिलेगी।
