रायपुर। मुख्यमंत्री श्री विष्णु देव साय के नेतृत्व में संचालित सीएम हेल्पलाइन आम नागरिकों और किसानों की समस्याओं के त्वरित समाधान का प्रभावी माध्यम बन रही है। कोरबा जिले में हेल्पलाइन पर दर्ज एक शिकायत के बाद खराब पड़ा सोलर पंप तुरंत सुधारकर चालू किया गया, जिससे किसान को बड़ी राहत मिली।
कोरबा जिले के पोड़ी-उपरोड़ा विकासखंड के ग्राम अरसियां निवासी किसान श्री राम के खेत में सौर सुजला योजना के तहत लगा सोलर पंप तकनीकी खराबी के कारण बंद हो गया था। इससे सिंचाई कार्य प्रभावित होने लगा और खेती में परेशानी बढ़ गई। किसान ने अपनी समस्या सीएम हेल्पलाइन पर दर्ज कराई।
शिकायत मिलते ही क्रेडा की टीम मौके पर पहुंची, सोलर पंप का निरीक्षण किया और आवश्यक मरम्मत के बाद उसे दोबारा चालू कर दिया।
सोलर पंप के फिर से शुरू होने के बाद खेतों में सिंचाई का काम सामान्य हो गया। किसान श्री राम ने समस्या के त्वरित समाधान पर मुख्यमंत्री, जिला प्रशासन और क्रेडा का आभार जताया।
क्रेडा अधिकारियों ने बताया कि सौर सुजला योजना के तहत लगाए गए सभी सोलर पंपों के संचालन और रखरखाव पर विशेष ध्यान दिया जा रहा है। किसानों से मिलने वाली तकनीकी शिकायतों का समयबद्ध समाधान सुनिश्चित किया जा रहा है, ताकि सिंचाई कार्य बाधित न हो और किसानों को किसी प्रकार की असुविधा का सामना न करना पड़े।
