कवर्धा। भोरमदेव सहकारी शक्कर उत्पादक कारखाना से जुड़े 4,691 गन्ना उत्पादक किसानों के लिए रविवार का दिन ऐतिहासिक रहा। वर्षों से अंशधारी सदस्य बनने की प्रतीक्षा कर रहे किसानों को उप मुख्यमंत्री विजय शर्मा ने कवर्धा के पीजी कॉलेज डोम में आयोजित कृषक संगोष्ठी एवं प्रमाण-पत्र वितरण समारोह में शेयर प्रमाण-पत्र वितरित कर कारखाना का अंशधारी सदस्य बनाया।
उप मुख्यमंत्री ने कहा कि किसानों को अंशधारी सदस्य बनाने की यह पहल सहकारिता व्यवस्था में उनकी भागीदारी को और मजबूत करेगी। इससे किसानों की आय बढ़ाने, गन्ना उत्पादन को प्रोत्साहन देने और भोरमदेव शक्कर कारखाना को और अधिक सशक्त बनाने में मदद मिलेगी। उन्होंने बताया कि जिन किसानों ने वर्षों तक बिना अंशधारी बने कारखाना को गन्ना उपलब्ध कराया, उनके योगदान का सम्मान करते हुए उन्हें सदस्यता प्रदान की गई है।

उन्होंने जानकारी दी कि पिछले पेराई सत्र में कारखाना में 2 लाख 55 हजार 818 मीट्रिक टन गन्ने की पेराई हुई थी। वर्तमान में कारखाना के लगभग 23 हजार अंशधारी सदस्य हैं, जबकि 4,691 गैर-अंशधारी किसानों ने भी गन्ना विक्रय किया था। अब इन सभी किसानों को शेयर प्रमाण-पत्र देकर सहकारी कारखाना की सदस्यता प्रदान की गई है।
उप मुख्यमंत्री ने किसानों से इस वर्ष साढ़े चार लाख मीट्रिक टन गन्ने की आपूर्ति का लक्ष्य पूरा करने का आह्वान करते हुए कहा कि इससे कारखाना की उत्पादन क्षमता मजबूत होगी और किसानों को समय पर एफआरपी भुगतान, बेहतर रिकवरी तथा भविष्य में अधिक लाभांश मिलने की संभावनाएं बढ़ेंगी। उन्होंने गन्ना बोनस बढ़ाने के लिए भी सकारात्मक प्रयास करने का भरोसा दिलाया।
उन्होंने कहा कि नवीन अंशधारी सदस्य बनने के बाद किसानों को नियमित रूप से गन्ना विक्रय करने के साथ-साथ अंशधारी सदस्यों को मिलने वाली अन्य सुविधाओं का भी लाभ मिलेगा। इससे कारखाना को भी पेराई के लिए पर्याप्त गन्ना उपलब्ध होगा और भविष्य में संचालन एवं उत्पादन क्षमता को मजबूती मिलेगी।
कार्यक्रम के दौरान उप मुख्यमंत्री ने किसानों से प्राकृतिक एवं जैविक खेती अपनाने की अपील करते हुए कहा कि इससे उत्पादन लागत कम होगी और कृषि उत्पादों को राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय बाजार तक पहुंचाने के नए अवसर मिलेंगे। उन्होंने बताया कि जैविक उत्पादों के निर्यात के लिए आवश्यक एनपीओपी (NPOP) प्रमाणन संबंधी जानकारी देने हेतु 17, 18 और 19 जुलाई को कवर्धा विधायक कार्यालय में विशेषज्ञों द्वारा मार्गदर्शन शिविर आयोजित किया जाएगा।
गौरतलब है कि क्षेत्र के गन्ना उत्पादक किसान लंबे समय से नए अंशधारी सदस्य बनाए जाने की मांग कर रहे थे। उप मुख्यमंत्री विजय शर्मा के निर्देश पर जिला प्रशासन, कारखाना प्रबंधन, जनप्रतिनिधियों और किसान संगठनों के सहयोग से कार्ययोजना तैयार की गई, जिसके तहत पेराई सत्र 2025-26 में गैर-अंशधारी किसानों से गन्ना खरीदी कर उन्हें कारखाना का अंशधारी सदस्य बनाने का निर्णय लिया गया।
कार्यक्रम में छत्तीसगढ़ कृषक कल्याण बोर्ड के अध्यक्ष सुरेश चंद्रवंशी, जिला पंचायत अध्यक्ष ईश्वरी साहू, जिला पंचायत उपाध्यक्ष कैलाश चंद्रवंशी, कारखाना के प्रबंध संचालक जी.एस. शर्मा, महाप्रबंधक अंकित मरकाम, किसान संघों के प्रतिनिधि, अंशधारी सदस्य, कृषक तथा बड़ी संख्या में अधिकारी-कर्मचारी उपस्थित रहे।
