रायपुर। उपमुख्यमंत्री एवं पंचायत एवं ग्रामीण विकास मंत्री विजय शर्मा ने कहा कि ग्रामीण विकास से जुड़े सभी कार्यों में गुणवत्ता सर्वोच्च प्राथमिकता होगी और इसमें किसी भी प्रकार का समझौता नहीं किया जाएगा। उन्होंने अधिकारियों को अगले आठ महीनों में निर्धारित लक्ष्यों को गुणवत्ता और समयबद्ध तरीके से पूरा करने के निर्देश दिए। उपमुख्यमंत्री ने यह निर्देश नवा रायपुर अटल नगर स्थित महानदी भवन में वीबी जीरामजी योजना एवं पंचायत विभाग के विभिन्न विकास कार्यों की समीक्षा बैठक के दौरान वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से सभी जिला पंचायत सीईओ को दिए।
जिला पंचायत सीईओ को नियमित मैदानी भ्रमण के निर्देश
उपमुख्यमंत्री विजय शर्मा ने सभी जिला पंचायत मुख्य कार्यपालन अधिकारियों (सीईओ) को अपने-अपने विकासखंडों का नियमित दौरा करने, निर्माण कार्यों की लगातार निगरानी रखने और आम नागरिकों की शिकायतों का त्वरित समाधान सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।

उन्होंने कहा कि योजनाओं का वास्तविक लाभ अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाने के लिए मैदानी स्तर पर सक्रियता और जवाबदेही जरूरी है।
हर स्कूल में बालिकाओं के लिए गुणवत्तापूर्ण शौचालय बनाने के निर्देश
उपमुख्यमंत्री ने प्रदेश के सभी स्कूलों में बालिकाओं के लिए गुणवत्तापूर्ण शौचालयों का निर्माण शीघ्र पूरा कर शत-प्रतिशत संतृप्तता सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
इसके साथ ही उन्होंने निर्देश दिए कि—
- जिन गांवों में मुक्तिधाम नहीं हैं, वहां प्राथमिकता से निर्माण कराया जाए।
- अनुपयोगी एवं खराब पड़े बोरवेलों को इंजेक्शन वेल के रूप में विकसित कर जल संरक्षण को बढ़ावा दिया जाए।
वीबी जीरामजी योजना में पारदर्शिता और जनभागीदारी पर जोर
वीबी जीरामजी योजना की समीक्षा करते हुए विजय शर्मा ने कहा कि योजना के क्रियान्वयन में—
- स्थानीय समुदाय,
- वरिष्ठ नागरिक,
- और जनप्रतिनिधियों
की सक्रिय भागीदारी सुनिश्चित की जाए।
उन्होंने अधिक से अधिक श्रमिकों को रोजगार उपलब्ध कराने, विभिन्न योजनाओं के अभिसरण से विकास कार्यों में तेजी लाने तथा सभी कार्यों को मानक संचालन प्रक्रिया (SOP) के अनुरूप पूर्ण पारदर्शिता के साथ करने के निर्देश दिए।
इन विकास कार्यों को दी जाएगी प्राथमिकता
उपमुख्यमंत्री ने वीबी जीरामजी योजना के तहत निम्न कार्यों को प्राथमिकता के साथ पूरा करने के निर्देश दिए—
- धान खरीदी केंद्रों में चबूतरों का निर्माण
- आंगनबाड़ी केंद्रों का निर्माण
- पीएम श्री विद्यालयों एवं पोटा केबिनों में अतिरिक्त कक्ष
- विद्यालयों में शौचालय निर्माण
- धरसा विकास सहित अन्य जनहितकारी कार्य
प्रधानमंत्री आवास योजना में लापरवाही पर होगी कार्रवाई
प्रधानमंत्री आवास योजना (ग्रामीण) की समीक्षा करते हुए विजय शर्मा ने सभी निर्माण कार्यों की समयबद्ध जियो-टैगिंग कराने और नियमित समीक्षा सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
उन्होंने स्पष्ट कहा कि यदि किसी गरीब परिवार के आवास निर्माण में कोई व्यक्ति या अधिकारी अनावश्यक बाधा उत्पन्न करता है, तो उसके खिलाफ कड़ी दंडात्मक कार्रवाई की जाएगी।
सौर ऊर्जा से जुड़ेंगे जिला पंचायत भवन
उपमुख्यमंत्री ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि जिन जिला पंचायत भवनों में अभी तक सौर ऊर्जा संयंत्र स्थापित नहीं हुए हैं, वहां जल्द स्थापना कराई जाए।
उन्होंने यह भी कहा कि इन संयंत्रों के रखरखाव के लिए राष्ट्रीय ग्रामीण आजीविका मिशन (NRLM) की दीदियों को प्रशिक्षित कर रोजगार के अवसर उपलब्ध कराए जाएं।
जिम्मेदारी और संवेदनशीलता के साथ करें काम
उपमुख्यमंत्री विजय शर्मा ने कहा कि ग्रामीण विकास योजनाओं का उद्देश्य केवल निर्माण कार्य कराना नहीं, बल्कि गांवों में स्थायी, गुणवत्तापूर्ण और समावेशी विकास सुनिश्चित करना है।
उन्होंने अधिकारियों से जिम्मेदारी, पारदर्शिता और संवेदनशीलता के साथ कार्य करते हुए शासन की योजनाओं का लाभ समय पर आम नागरिकों तक पहुंचाने का आह्वान किया।
