रायपुर | 27 जून 2026
छत्तीसगढ़ की प्राकृतिक सुंदरता, सांस्कृतिक विरासत और जनजातीय परंपराओं को देश-दुनिया तक पहुंचाने के उद्देश्य से लखनपुर (अंबिकापुर) में आयोजित सोशल मीडिया इन्फ्लूएन्सर मीट में पर्यटन एवं संस्कृति मंत्री राजेश अग्रवाल ने प्रदेशभर से आए डिजिटल क्रिएटर्स और सोशल मीडिया इन्फ्लूएन्सर्स से संवाद किया। इस दौरान उन्होंने युवाओं से पर्यटन, संस्कृति और स्वच्छता अभियान को जन-आंदोलन बनाने का आह्वान किया।
यह भी पढ़ें: लक्ष्मी राजवाड़े ने बस्तर संभाग के सुकमा जिले के छिंदगढ़ स्थित सक्षम ……….. आगे पढ़ें
डिजिटल क्रिएटर्स को बताया पर्यटन विकास का मजबूत माध्यम
पर्यटन एवं संस्कृति मंत्री राजेश अग्रवाल ने कहा कि वर्तमान समय में सोशल मीडिया लोगों तक पहुंचने का सबसे प्रभावी माध्यम बन चुका है। उन्होंने कहा कि डिजिटल प्लेटफॉर्म केवल मनोरंजन का साधन नहीं, बल्कि पर्यटन, संस्कृति और समाज को नई पहचान दिलाने का सशक्त उपकरण भी है। उन्होंने युवाओं से छत्तीसगढ़ के पर्यटन स्थलों, ऐतिहासिक धरोहरों, धार्मिक स्थलों, लोक संस्कृति और जनजातीय जीवन की सकारात्मक कहानियों को व्यापक स्तर पर साझा करने की अपील की।

प्रदेश के प्रमुख पर्यटन स्थलों के प्रचार पर दिया जोर
मंत्री ने सोशल मीडिया इन्फ्लूएन्सर्स से चित्रकोट जलप्रपात, तीरथगढ़, कांगेर घाटी, सिरपुर, भोरमदेव, रामगढ़, मैनपाट, बारसूर, चंद्रखुरी और दंतेवाड़ा सहित प्रदेश के प्रमुख पर्यटन स्थलों की विशेषताओं को रचनात्मक तरीके से प्रस्तुत करने का आग्रह किया। उन्होंने कहा कि पर्यटन का विकास केवल पर्यटकों की संख्या बढ़ाने तक सीमित नहीं है, बल्कि इससे स्थानीय रोजगार, हस्तशिल्प, लोक कला और क्षेत्रीय अर्थव्यवस्था को भी मजबूती मिलती है।
यह भी पढ़ें: मुख्यमंत्री की सख्ती का असर: गौरेला-पेंड्रा-मरवाही में अवैध खनन ……….. आगे पढ़ें
स्वच्छता को बताया सफल पर्यटन की आधारशिला
संवाद के दौरान राजेश अग्रवाल ने कहा कि स्वच्छ पर्यटन स्थल ही पर्यटकों के मन में स्थायी छाप छोड़ते हैं। उन्होंने डिजिटल क्रिएटर्स से अपने सोशल मीडिया मंचों के माध्यम से स्वच्छता का संदेश जन-जन तक पहुंचाने और लोगों को पर्यटन स्थलों की साफ-सफाई बनाए रखने के लिए प्रेरित करने का आह्वान किया।
रामगढ़ महोत्सव के प्रचार का किया आह्वान
मंत्री ने आगामी 29 और 30 जून को सरगुजा के ऐतिहासिक स्थल रामगढ़ में आयोजित होने वाले दो दिवसीय रामगढ़ महोत्सव के व्यापक प्रचार-प्रसार की अपील की। उन्होंने कहा कि सोशल मीडिया इन्फ्लूएन्सर्स इस आयोजन के ऐतिहासिक महत्व, सांस्कृतिक प्रस्तुतियों, लोक कला और पर्यटन आकर्षणों को देशभर के लोगों तक पहुंचाएं, ताकि अधिक से अधिक पर्यटक इस महोत्सव से जुड़ सकें।
पर्यटन को वैश्विक पहचान दिलाने की दिशा में सरकार का प्रयास
राजेश अग्रवाल ने कहा कि मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय के नेतृत्व में राज्य सरकार पर्यटन, संस्कृति और धार्मिक विरासत को नई ऊंचाइयों तक पहुंचाने के लिए लगातार काम कर रही है। सरकार का उद्देश्य केवल पर्यटन स्थलों का विकास करना नहीं, बल्कि उन्हें राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर विशिष्ट पहचान दिलाना है। उन्होंने विश्वास जताया कि डिजिटल क्रिएटर्स के सहयोग से छत्तीसगढ़ की सांस्कृतिक और प्राकृतिक पहचान दुनिया के हर कोने तक पहुंचेगी।
पर्यटन अधोसंरचना और स्थानीय रोजगार पर भी फोकस
उन्होंने बताया कि राज्य सरकार पर्यटन अधोसंरचना के विकास, मूलभूत सुविधाओं के विस्तार, धार्मिक पर्यटन को बढ़ावा देने, जनजातीय संस्कृति के संरक्षण और स्थानीय समुदायों को पर्यटन से जोड़ने के लिए योजनाबद्ध तरीके से कार्य कर रही है। बेहतर सड़क, स्वच्छता, सुरक्षा और आधुनिक प्रचार-प्रसार के माध्यम से प्रदेश के पर्यटन स्थलों को विश्वस्तरीय सुविधाओं से जोड़ने का प्रयास किया जा रहा है।
डिजिटल क्रिएटर्स ने दिया सहयोग का भरोसा
कार्यक्रम में शामिल सोशल मीडिया इन्फ्लूएन्सर्स और डिजिटल क्रिएटर्स ने प्रदेश के पर्यटन स्थलों को रचनात्मक ढंग से प्रस्तुत करने, जिम्मेदार पर्यटन और स्वच्छता का संदेश फैलाने तथा रामगढ़ महोत्सव के व्यापक प्रचार-प्रसार में सक्रिय भूमिका निभाने का संकल्प लिया। कार्यक्रम में छत्तीसगढ़ पर्यटन मंडल की उप महाप्रबंधक पूनम शर्मा, पर्यटन विभाग के अधिकारी और प्रदेश के विभिन्न जिलों से आए डिजिटल क्रिएटर्स भी मौजूद रहे।
