रायपुर | छत्तीसगढ़ प्रदेश कांग्रेस कमेटी के जिला अध्यक्षों के प्रशिक्षण शिविर का सातवां दिन विभिन्न संगठनात्मक और राजनीतिक विषयों पर प्रशिक्षण के साथ संपन्न हुआ। शिविर में महिला कांग्रेस की राष्ट्रीय अध्यक्ष अलका लांबा, सांसद शशिकांत सेंथिल और कांग्रेस के राष्ट्रीय संगठन सचिव वामची रेड्डी ने जिला अध्यक्षों को संगठन को मजबूत करने और पार्टी की कार्यशैली से जुड़े विषयों पर मार्गदर्शन दिया।
अलका लांबा ने संगठन और महिला सुरक्षा पर दिया जोर
महिला कांग्रेस की राष्ट्रीय अध्यक्ष अलका लांबा ने कहा कि संगठन ने जिला अध्यक्षों को महत्वपूर्ण जिम्मेदारी दी है और उन्हें इस अवसर का उपयोग संगठन को मजबूत बनाने में करना चाहिए। उन्होंने महिलाओं की सुरक्षा और सशक्तिकरण के मुद्दों पर सक्रिय रहने की अपील करते हुए संगठन में अनुशासन को सर्वोच्च प्राथमिकता बताया।

वरिष्ठ नेताओं ने भी दिए व्याख्यान
प्रेस विज्ञप्ति के अनुसार, प्रशिक्षण शिविर में कांग्रेस के राष्ट्रीय महासचिव एवं प्रदेश प्रभारी सचिन पायलट, प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष दीपक बैज और नेता प्रतिपक्ष डॉ. चरणदास महंत भी जिला अध्यक्षों को संबोधित कर चुके हैं। पूर्व उपमुख्यमंत्री टी.एस. सिंहदेव और पूर्व मंत्री ताम्रध्वज साहू भी प्रशिक्षण सत्रों में हिस्सा ले चुके हैं।
कांग्रेस ने बताया कि पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल 28 जून को प्रशिक्षण शिविर को संबोधित करेंगे। यह प्रशिक्षण कार्यक्रम 29 जून तक जारी रहेगा।
यह भी पढ़ें: AI अपनाने वाले ही करेंगे भविष्य का नेतृत्व: वित्त मंत्री ओ.पी. चौधरी ……….. आगे पढ़ें
संगठन, संविधान और आंदोलन की रणनीति पर सत्र
कांग्रेस के अनुसार, प्रशिक्षण शिविर में अब तक छत्तीसगढ़ के राजनीतिक इतिहास, भारतीय संविधान, संगठनात्मक ढांचे, राज्य के प्रमुख मुद्दों और आगामी आंदोलनों की रणनीति जैसे विषयों पर सत्र आयोजित किए गए हैं।
गांवों में रात्रि विश्राम और श्रमदान भी किया
प्रेस विज्ञप्ति में बताया गया कि जिला अध्यक्षों ने आठ गांवों में रात्रि विश्राम और श्रमदान कार्यक्रमों में भी भाग लिया। प्रशिक्षण शिविर का संचालन एआईसीसी के प्रभारी सचिव राव की देखरेख में किया जा रहा है, जबकि व्यवस्था की जिम्मेदारी प्रभारी महामंत्री मलकीत सिंह गैदू और प्रदेश कांग्रेस के पदाधिकारी संभाल रहे हैं।
