रायपुर, 26 जून 2026। मुख्यमंत्री श्री विष्णुदेव साय के नेतृत्व में प्रदेश में सुशासन और डिजिटल सेवाओं के विस्तार के लिए शुरू किया गया ‘सेवा सेतु’ पोर्टल ग्रामीण नागरिकों के लिए भरोसेमंद माध्यम बनता जा रहा है। पोर्टल के जरिए विभिन्न शासकीय सेवाएं सरल, पारदर्शी और समयबद्ध तरीके से उपलब्ध कराई जा रही हैं। इसका लाभ उठाकर रायगढ़ जिले के ग्राम सांगीतराई निवासी दुर्गा सिदार ने घर बैठे ऑनलाइन आवेदन कर विवाह प्रमाण-पत्र प्राप्त किया।
घर बैठे मिला विवाह प्रमाण-पत्र, बची भागदौड़
रायगढ़ विकासखंड के ग्राम सांगीतराई निवासी दुर्गा सिदार को विभिन्न शासकीय योजनाओं का लाभ लेने और आवश्यक दस्तावेजी प्रक्रिया पूरी करने के लिए विवाह प्रमाण-पत्र की आवश्यकता थी।
उन्होंने बताया कि पहले ऐसे प्रमाण-पत्र बनवाने के लिए सरकारी कार्यालयों के कई चक्कर लगाने पड़ते थे, जिससे समय और धन दोनों खर्च होते थे। लेकिन सेवा सेतु पोर्टल के माध्यम से यह प्रक्रिया काफी आसान हो गई।
ऑनलाइन आवेदन के बाद समय पर मिला प्रमाण-पत्र
दुर्गा सिदार ने सेवा सेतु पोर्टल की जानकारी मिलने पर आवश्यक दस्तावेजों के साथ ऑनलाइन आवेदन किया। निर्धारित प्रक्रिया पूरी होने के बाद कुछ ही दिनों में उनका विवाह प्रमाण-पत्र जारी कर दिया गया।
उन्होंने कहा कि बिना किसी अनावश्यक भागदौड़ के समय पर दस्तावेज मिलने से उन्हें बड़ी राहत मिली और उनके आवश्यक कार्य भी समय पर पूरे हो सके।
एक ही पोर्टल पर मिल रही हैं अनेक सरकारी सेवाएं
दुर्गा सिदार ने बताया कि सेवा सेतु पोर्टल केवल विवाह प्रमाण-पत्र तक सीमित नहीं है। इसके माध्यम से आय, जाति, निवास, जन्म एवं मृत्यु प्रमाण-पत्र, भू-अभिलेख संबंधी सेवाएं, सामाजिक सुरक्षा योजनाएं, श्रम, राजस्व, नगरीय प्रशासन तथा अन्य विभागों की अनेक नागरिक सेवाएं एक ही मंच पर उपलब्ध हैं।
इससे नागरिकों को अलग-अलग कार्यालयों के चक्कर लगाने की आवश्यकता नहीं पड़ती और अधिकांश सेवाएं एकीकृत डिजिटल प्लेटफॉर्म पर उपलब्ध हो रही हैं।
ग्रामीणों के लिए आसान हुई सरकारी सेवाओं तक पहुंच
उन्होंने कहा कि सेवा सेतु पोर्टल के कारण अब ग्रामीण और दूरस्थ क्षेत्रों के लोगों को सरकारी सेवाओं का लाभ घर के नजदीक ही मिल रहा है। इससे समय और धन दोनों की बचत हो रही है तथा पूरी प्रक्रिया अधिक पारदर्शी और सुविधाजनक बन गई है।
दुर्गा सिदार ने मुख्यमंत्री श्री विष्णुदेव साय तथा शासन-प्रशासन के प्रति आभार व्यक्त करते हुए कहा कि सेवा सेतु जैसी पहल डिजिटल सुशासन को मजबूत करने और आम नागरिकों तक सरकारी सेवाओं की सहज पहुंच सुनिश्चित करने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम है।
