रायपुर, 26 जून 2026। मुख्यमंत्री श्री विष्णुदेव साय की मंशा के अनुरूप प्रदेश में सुशासन को अंतिम छोर तक पहुंचाने के उद्देश्य से आयोजित ‘सुशासन तिहार 2026’ सारंगढ़-बिलाईगढ़ जिले में जरूरतमंदों के लिए राहत और भरोसे का बड़ा माध्यम बनकर उभरा है। जिला प्रशासन और समाज कल्याण विभाग के संयुक्त प्रयासों से आयोजित शिविरों में दिव्यांगजनों, वृद्धजनों और निराश्रित नागरिकों को त्वरित लाभ प्रदान किया गया। अभियान के दौरान 169 हितग्राहियों को सहायक उपकरण वितरित किए गए, जबकि 248 पात्र नागरिकों की नई सामाजिक सुरक्षा पेंशन तत्काल स्वीकृत की गई।
मुख्यमंत्री की मंशा के अनुरूप गांव-गांव पहुंचा सुशासन
राज्य शासन की संवेदनशील पहल के तहत मई माह से 10 जून 2026 तक जिले के दूरस्थ ग्रामीण क्षेत्रों में सुशासन तिहार के विशेष शिविर आयोजित किए गए। इन शिविरों में विभिन्न विभागों के स्टॉल लगाए गए, जहां केवल शिकायतें दर्ज नहीं की गईं, बल्कि आमजन की समस्याओं का मौके पर ही समाधान भी किया गया।
मुख्यमंत्री श्री विष्णुदेव साय के विजन और जिला प्रशासन के प्रभावी मार्गदर्शन में आयोजित इस अभियान ने सैकड़ों जरूरतमंद नागरिकों को सरकारी योजनाओं का सीधा लाभ पहुंचाकर सुशासन की अवधारणा को व्यवहारिक रूप दिया।
169 हितग्राहियों को मिले सहायक उपकरण, बढ़ी आत्मनिर्भरता
सुशासन तिहार के दौरान समाज कल्याण विभाग ने प्राप्त आवेदनों की त्वरित जांच कर 169 जरूरतमंद हितग्राहियों को उनकी आवश्यकता के अनुसार विभिन्न सहायक उपकरण उपलब्ध कराए।
इनमें 11 वृद्धजनों को वॉकिंग स्टिक (छड़ी), 4 दिव्यांगजनों को व्हीलचेयर, 3 हितग्राहियों को ट्राइसाइकिल, 2 हितग्राहियों को बैसाखी तथा 1 हितग्राही को श्रवण यंत्र (हियरिंग एड) प्रदान किया गया।
इन उपकरणों के माध्यम से बुजुर्ग और दिव्यांगजन अब अपने दैनिक कार्य अधिक सहजता और आत्मनिर्भरता के साथ कर सकेंगे। हितग्राहियों के चेहरों पर दिखाई देने वाली संतुष्टि शासन की संवेदनशील कार्यप्रणाली की सफलता का प्रमाण बनी।
248 पात्र नागरिकों को मिली सामाजिक सुरक्षा पेंशन
सुशासन तिहार का सबसे बड़ा प्रभाव सामाजिक सुरक्षा योजनाओं के क्रियान्वयन में देखने को मिला। शिविरों में प्राप्त आवेदनों का तत्काल परीक्षण कर 248 पात्र हितग्राहियों के लिए नई सामाजिक सुरक्षा पेंशन स्वीकृत की गई।
अब इन वृद्धजनों, दिव्यांगजनों और निराश्रित नागरिकों को नियमित मासिक आर्थिक सहायता प्राप्त होगी, जिससे उनका जीवन अधिक सम्मानजनक और सुरक्षित बन सकेगा।
जिला प्रशासन और समाज कल्याण विभाग के समन्वित प्रयासों से अभियान के दौरान त्वरित निर्णय लेकर जरूरतमंदों को बिना अनावश्यक विलंब के योजनाओं का लाभ उपलब्ध कराया गया।
हितग्राहियों ने जताया आभार, बढ़ा शासन पर विश्वास
शिविरों से लाभान्वित नागरिकों ने मुख्यमंत्री श्री विष्णुदेव साय तथा जिला प्रशासन के प्रति आभार व्यक्त करते हुए कहा कि अब सरकारी योजनाएं केवल कागजों तक सीमित नहीं हैं, बल्कि सीधे आमजन तक पहुंच रही हैं।
ग्रामीणों के अनुसार सुशासन तिहार ने प्रशासन और जनता के बीच विश्वास को और मजबूत किया है तथा समाज के अंतिम पायदान पर खड़े व्यक्ति तक शासन की संवेदनशीलता पहुंचाने का कार्य किया है।
147 बुजुर्गों और दिव्यांगजनों को मिलेंगे निःशुल्क कृत्रिम अंग एवं सहायक उपकरण
रायपुर, 25 जून 2026। जिला प्रशासन और समाज कल्याण विभाग के संयुक्त तत्वावधान में जिला दिव्यांगजन पुनर्वास केन्द्र में वरिष्ठ नागरिकों एवं दिव्यांगजनों के लिए पंजीयन, चिन्हांकन एवं मापन शिविर का आयोजन किया गया। इस पहल का उद्देश्य जरूरतमंद हितग्राहियों को निःशुल्क कृत्रिम अंग एवं सहायक उपकरण उपलब्ध कराकर उन्हें आत्मनिर्भर बनाना है।
एलिम्को विशेषज्ञों ने किया परीक्षण, 147 हितग्राही हुए पात्र
शिविर में भारत सरकार के मिनीरत्न उपक्रम भारतीय कृत्रिम अंग निर्माण निगम (एलिम्को), कानपुर के तकनीकी विशेषज्ञों ने हितग्राहियों का परीक्षण एवं मापन किया।
जनपद पंचायत धमतरी, कुरूद, नगर पालिक निगम धमतरी तथा विभिन्न नगर पंचायतों से पहुंचे नागरिकों की जांच के बाद 147 हितग्राहियों को निःशुल्क कृत्रिम अंग एवं सहायक उपकरण वितरण के लिए पात्र पाया गया।
इसके साथ ही शिविर में 16 दिव्यांगजनों के यूडीआईडी (UDID) कार्ड भी मौके पर ही बनाए गए।
नशामुक्त समाज निर्माण का भी दिया संदेश
शिविर के दौरान समाज कल्याण विभाग द्वारा सामाजिक जागरूकता अभियान भी चलाया गया। विभाग की उपसंचालक ने उपस्थित नागरिकों को जीवनभर नशामुक्त रहने की शपथ दिलाई तथा समाज में नशामुक्ति और दिव्यांगजन सशक्तिकरण के लिए सामूहिक प्रयासों की आवश्यकता पर बल दिया।
कार्यक्रम में एलिम्को की तकनीकी टीम, समाज कल्याण विभाग के अधिकारी-कर्मचारी तथा बड़ी संख्या में ग्रामीण एवं नागरिक उपस्थित रहे।
