रायपुर । मुख्यमंत्री श्री विष्णुदेव साय ने नवा रायपुर स्थित सर्किट हाउस में छत्तीसगढ़ गृह निर्माण एवं अधोसंरचना विकास मंडल के नए लोगो का विमोचन किया। इस अवसर पर उन्होंने कहा कि अब मंडल केवल आवास निर्माण तक सीमित नहीं रहेगा, बल्कि प्रदेश के अधोसंरचना विकास में भी महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा। कार्यक्रम के दौरान वर्ष 2025 के आवास मेले में आवास बुक करने वाले हितग्राहियों के लिए आयोजित लकी ड्रॉ के विजेताओं को कार, स्कूटी, फ्रिज, वॉशिंग मशीन, एलईडी टीवी सहित विभिन्न पुरस्कार भी वितरित किए गए।
प्रदेश के विकास को मिलेगी नई गति
मुख्यमंत्री श्री साय ने कहा कि प्रत्येक परिवार का सपना अपना पक्का घर होना है और राज्य सरकार इस दिशा में लगातार कार्य कर रही है। उन्होंने कहा कि गृह निर्माण मंडल को अधोसंरचना विकास मंडल के रूप में नई पहचान देकर प्रदेश में विकास परियोजनाओं को तेज गति से आगे बढ़ाया जाएगा।

उन्होंने बताया कि पिछले दो वर्षों में मंडल ने आर्थिक चुनौतियों से उबरते हुए 7,388 से अधिक परिसंपत्तियों का विक्रय कर लगभग 1,532 करोड़ रुपये का राजस्व अर्जित किया, जो मंडल की कार्यप्रणाली में आए सकारात्मक बदलाव का परिणाम है।
प्रधानमंत्री आवास योजना में तेज़ी
मुख्यमंत्री ने कहा कि सरकार गठन के बाद पहली कैबिनेट बैठक में ही 18 लाख प्रधानमंत्री आवासों को स्वीकृति दी गई थी। वर्तमान में प्रदेश में 10.5 लाख से अधिक आवासों का निर्माण पूरा हो चुका है, जबकि प्रतिदिन लगभग 1,600 नए आवास तैयार किए जा रहे हैं।

उन्होंने बताया कि आत्मसमर्पित नक्सलियों के पुनर्वास के लिए केंद्र सरकार से 15 हजार अतिरिक्त प्रधानमंत्री आवास स्वीकृत कराए गए हैं। साथ ही विशेष पिछड़ी जनजातियों के लिए भी विशेष आवास योजनाएं संचालित की जा रही हैं।
सुशासन और डिजिटल सेवाओं पर जोर
मुख्यमंत्री ने कहा कि सुशासन सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकता है। ‘सेवा सेतु’ के माध्यम से 450 से अधिक सरकारी सेवाएं अब मोबाइल ऐप के जरिए घर बैठे उपलब्ध हैं। वहीं मुख्यमंत्री हेल्पलाइन 1076 के जरिए नागरिक अपनी शिकायत दर्ज कर समयबद्ध समाधान प्राप्त कर सकते हैं।
उन्होंने बताया कि पीएम सूर्य घर मुफ्त बिजली योजना के तहत प्रदेश में लगभग 65 हजार घरों में रूफटॉप सोलर संयंत्र स्थापित किए जा चुके हैं। इसके अलावा मुख्यमंत्री बिजली बिल भुगतान समाधान योजना के माध्यम से उपभोक्ताओं को लंबित बिजली बिल और सरचार्ज में राहत भी दी जा रही है।
पूंजीगत निवेश बढ़ाने पर सरकार का फोकस
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए वित्त, आवास एवं पर्यावरण मंत्री श्री ओ.पी. चौधरी ने कहा कि मुख्यमंत्री श्री विष्णुदेव साय के नेतृत्व में गृह निर्माण मंडल को अधोसंरचना विकास मंडल के रूप में विकसित किया गया है, ताकि पूंजीगत व्यय करने वाले विभागों को मजबूत बनाया जा सके और प्रदेश में आर्थिक गतिविधियों को नई गति मिले।

उन्होंने बताया कि अब किसी भी नई आवासीय परियोजना की शुरुआत तभी होगी जब पर्याप्त बुकिंग सुनिश्चित होगी। इससे अनावश्यक निर्माण और वित्तीय जोखिम से बचा जा सकेगा। वन टाइम सेटलमेंट योजना लागू कर वर्षों से लंबित संपत्तियों के विक्रय को भी गति दी गई है।
नई कार्यसंस्कृति से मजबूत हुआ मंडल
मंडल के अध्यक्ष श्री अनुराग सिंहदेव ने कहा कि पिछले दो वर्षों में नई कार्यसंस्कृति अपनाकर रिकॉर्ड स्तर पर संपत्तियों का विक्रय किया गया है। भविष्य में मांग आधारित, गुणवत्तापूर्ण और वित्तीय रूप से व्यवहारिक परियोजनाओं को प्राथमिकता दी जाएगी।
लकी ड्रॉ विजेताओं का हुआ सम्मान
कार्यक्रम के दौरान वर्ष 2025 के आवास मेले में आवास बुक करने वाले नौ हितग्राहियों को लकी ड्रॉ के माध्यम से सम्मानित किया गया। सारंगढ़ की श्रीमती पूजा बरेठ को प्रथम पुरस्कार के रूप में कार प्रदान की गई। इसके अलावा स्कूटी, फ्रिज, वॉशिंग मशीन, एलईडी टीवी सहित अन्य आकर्षक पुरस्कार भी वितरित किए गए।
नए लोगो के डिज़ाइनर को मिला सम्मान
मुख्यमंत्री श्री विष्णुदेव साय ने छत्तीसगढ़ गृह निर्माण एवं अधोसंरचना विकास मंडल का नया लोगो तैयार करने वाले श्री अंशुल कश्यप को 2.50 लाख रुपये की पुरस्कार राशि का चेक प्रदान कर सम्मानित किया और उनके रचनात्मक योगदान की सराहना की।
