गौरेला-पेंड्रा-मरवाही। मुख्यमंत्री विष्णु देव साय के नेतृत्व में प्रदेश में प्रधानमंत्री आवास योजना (ग्रामीण) के माध्यम से गरीब परिवारों के पक्के घर का सपना लगातार साकार हो रहा है। गौरेला विकासखंड के ग्राम पंचायत पंडरीपानी निवासी अमृतलाल का परिवार इसका जीवंत उदाहरण है। वर्षों तक कच्चे मकान में कठिन परिस्थितियों में जीवन बिताने वाला यह परिवार अब पक्के और सुरक्षित घर में सम्मान के साथ जीवन व्यतीत कर रहा है।
कच्चे मकान से पक्के घर तक का सफर
अमृतलाल ने बताया कि पहले उनका परिवार मिट्टी के कच्चे मकान में रहता था। बरसात के मौसम में छत से पानी टपकता था, दीवारों में सीलन आ जाती थी और पूरे परिवार को काफी परेशानियों का सामना करना पड़ता था। बच्चों की पढ़ाई भी प्रभावित होती थी और हर बारिश चिंता लेकर आती थी।
यह भी पढ़ें: श्रमिकों के बच्चों की पढ़ाई का पूरा खर्च उठाएगी सरकार, 3 जुलाई तक करें आवेदन ……….. आगे पढ़ें
आर्थिक स्थिति कमजोर होने के कारण स्वयं पक्का मकान बनवाना संभव नहीं था। ऐसे में प्रधानमंत्री आवास योजना के तहत आवास स्वीकृत होने के बाद उनका वर्षों पुराना सपना पूरा हो गया।

अब मिला सुरक्षित और सम्मानजनक जीवन
योजना के तहत बने नए पक्के मकान में शिफ्ट होने के बाद परिवार की जिंदगी पूरी तरह बदल गई है। अब बारिश और मौसम की मार से राहत मिल गई है। बच्चों को पढ़ाई के लिए बेहतर वातावरण मिला है, जबकि पूरे परिवार में सुरक्षा और आत्मविश्वास की भावना बढ़ी है।
अमृतलाल का कहना है कि यह घर केवल चार दीवारें नहीं, बल्कि उनके परिवार के लिए सम्मान, सुरक्षा और बेहतर भविष्य की नई शुरुआत है।
प्रशासन ने किया आवास का निरीक्षण
24 जून को ग्राम पंचायत पंडरीपानी में आयोजित विशेष ग्राम सभा के दौरान कलेक्टर डॉ. संतोष कुमार देवांगन एवं जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी मुकेश रावटे ने अमृतलाल के नए आवास का निरीक्षण किया। अधिकारियों ने परिवार को शुभकामनाएं देते हुए कहा कि शासन की जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाना प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकता है।
यह भी पढ़ें: AI अपनाने वाले ही करेंगे भविष्य का नेतृत्व: वित्त मंत्री ओ.पी. चौधरी ……….. आगे पढ़ें
मुख्यमंत्री साय के नेतृत्व में मिल रहा योजनाओं का लाभ
अमृतलाल ने कहा कि मुख्यमंत्री विष्णु देव साय के नेतृत्व में प्रदेश सरकार गरीब परिवारों तक योजनाओं का लाभ प्रभावी ढंग से पहुंचा रही है। प्रधानमंत्री आवास योजना ने उनके परिवार को केवल पक्का मकान ही नहीं दिया, बल्कि सम्मानपूर्वक जीवन जीने का विश्वास भी दिया है।
उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और मुख्यमंत्री विष्णु देव साय के प्रति आभार व्यक्त करते हुए कहा कि इस योजना ने उनके परिवार की तस्वीर और तकदीर दोनों बदल दी हैं।
हजारों परिवारों के लिए उम्मीद बनी योजना
प्रदेश सरकार का लक्ष्य प्रत्येक पात्र परिवार को प्रधानमंत्री आवास योजना का लाभ दिलाकर उन्हें सुरक्षित और सम्मानजनक जीवन उपलब्ध कराना है। योजना के माध्यम से प्रदेश के हजारों गरीब परिवारों को पक्के घर मिल रहे हैं, जिससे उनके जीवन स्तर में सकारात्मक बदलाव आ रहा है।
