नई दिल्ली/रायपुर। भारतीय रेलवे के आधुनिकीकरण को लेकर नई दिल्ली में आयोजित एस्टीमेट कमेटी की बैठक में रायपुर सांसद एवं समिति सदस्य श्री बृजमोहन अग्रवाल ने छत्तीसगढ़ के विकास, रेल संपर्क और यात्री सुविधाओं से जुड़े कई महत्वपूर्ण मुद्दे प्रमुखता से उठाए। बैठक में रेल मंत्रालय के अधिकारियों द्वारा रेलवे आधुनिकीकरण योजनाओं की प्रस्तुति के बाद सांसद अग्रवाल ने राज्य की आवश्यकताओं और लंबित परियोजनाओं को लेकर विस्तृत सुझाव दिए।
उन्होंने कहा कि छत्तीसगढ़ में रेल नेटवर्क का विस्तार और यात्री सुविधाओं का विकास प्रदेश की आर्थिक प्रगति और क्षेत्रीय संतुलित विकास के लिए अत्यंत आवश्यक है।
रावघाट-जगदलपुर रेल परियोजना जल्द शुरू करने की मांग
बैठक में सांसद बृजमोहन अग्रवाल ने लंबे समय से लंबित रावघाट-जगदलपुर रेल परियोजना को प्राथमिकता के आधार पर शुरू करने की मांग की।
उन्होंने कहा कि प्रदेश में नक्सलवाद की स्थिति में लगातार सुधार हुआ है और अब इस महत्वपूर्ण परियोजना को आगे बढ़ाने का उपयुक्त समय है। उनके अनुसार यह रेल लाइन बस्तर क्षेत्र के सामाजिक, आर्थिक और औद्योगिक विकास को नई गति प्रदान करेगी।

रायपुर-धमतरी रेल लाइन को विशाखापट्टनम तक बढ़ाने का प्रस्ताव
सांसद अग्रवाल ने रायपुर-धमतरी रेल लाइन को कांकेर, कोंडागांव और जगदलपुर से जोड़ते हुए विशाखापट्टनम तक विस्तारित करने का प्रस्ताव रखा।
उन्होंने कहा कि यह रेल संपर्क न केवल क्षेत्रीय विकास को बढ़ावा देगा बल्कि पर्यटन, व्यापार और उद्योग के लिए भी नई संभावनाएं पैदा करेगा। इससे बस्तर क्षेत्र की कनेक्टिविटी मजबूत होगी और लोगों को बेहतर परिवहन सुविधा मिलेगी।
यह भी पढ़ें: सोमनाथ स्वाभिमान सांस्कृतिक यात्रा का शुभारंभ: मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ……….. आगे पढ़ें
नई वंदे भारत ट्रेनों की मांग
बैठक में सांसद ने दुर्ग-पुरी और रायपुर-अंबिकापुर के बीच नई वंदे भारत एक्सप्रेस ट्रेन शुरू करने की मांग रखी।
उन्होंने कहा कि इन मार्गों पर तेज, आधुनिक और सुविधाजनक रेल सेवाओं की आवश्यकता है। इसके अलावा उन्होंने बिलासपुर-नई दिल्ली राजधानी एक्सप्रेस को प्रतिदिन संचालित करने की मांग भी की, ताकि यात्रियों को अधिक सुविधाएं मिल सकें।
सात राज्यों से रेल संपर्क मजबूत करने पर जोर
सांसद बृजमोहन अग्रवाल ने कहा कि छत्तीसगढ़ देश के सात राज्यों से जुड़ा हुआ है और इस दृष्टि से राज्य का रेल नेटवर्क और अधिक सुदृढ़ किया जाना चाहिए।
उन्होंने कहा कि बेहतर रेल संपर्क से व्यापार, पर्यटन और औद्योगिक गतिविधियों को बढ़ावा मिलेगा तथा लोगों की आवाजाही भी आसान होगी।
रेलवे भूमि पर बसे परिवारों को मिले पीएम आवास योजना का लाभ
बैठक में सांसद अग्रवाल ने रेलवे भूमि पर वर्षों से निवास कर रहे जरूरतमंद परिवारों के पुनर्वास का मुद्दा भी उठाया।
उन्होंने सुझाव दिया कि ऐसे परिवारों को प्रधानमंत्री आवास योजना के तहत आवास उपलब्ध कराए जाएं और इसके लिए उपयुक्त भूमि का चिन्हांकन किया जाए। उन्होंने कहा कि विकास कार्यों के साथ मानवीय दृष्टिकोण अपनाना भी आवश्यक है।
रायपुर वैगन वर्कशॉप को आधुनिक बनाने की मांग
सांसद ने रायपुर स्थित वैगन रिपेयरिंग वर्कशॉप को अत्याधुनिक सुविधाओं से सुसज्जित करने की आवश्यकता पर भी जोर दिया।
उन्होंने कहा कि आधुनिक तकनीक और बेहतर संसाधनों के माध्यम से इस वर्कशॉप की कार्यक्षमता बढ़ाई जा सकती है, जिससे रेलवे संचालन को भी लाभ मिलेगा।
अमृत भारत स्टेशन योजना के कार्य समय पर पूरे हों
बृजमोहन अग्रवाल ने अमृत भारत स्टेशन योजना के अंतर्गत छत्तीसगढ़ में चल रहे निर्माण कार्यों को आधुनिक तकनीक के साथ निर्धारित समय-सीमा में पूरा करने की आवश्यकता बताई।
उन्होंने कहा कि रेलवे स्टेशनों के आधुनिकीकरण से यात्रियों को बेहतर सुविधाएं मिलेंगी और राज्य की परिवहन व्यवस्था और अधिक सशक्त होगी।
यात्री परिवहन को भी मिले समान प्राथमिकता
सांसद ने कहा कि राज्य में जहां-जहां नई रेल लाइनें बिछाई जा रही हैं, वहां केवल माल परिवहन ही नहीं बल्कि यात्री परिवहन को भी समान प्राथमिकता दी जानी चाहिए।
उनका कहना था कि इससे स्थानीय नागरिकों को प्रत्यक्ष लाभ मिलेगा और क्षेत्रीय विकास को गति मिलेगी।
तिल्दा और भाटापारा में पुराने ठहराव बहाल करने की मांग
बैठक में सांसद अग्रवाल ने कोरोना काल से पूर्व जिन प्रमुख ट्रेनों का ठहराव तिल्दा, भाटापारा और अन्य महत्वपूर्ण स्टेशनों पर होता था, उन्हें पुनः बहाल करने की मांग भी रखी।
उन्होंने कहा कि इससे लाखों यात्रियों को सुविधा मिलेगी और व्यापारिक गतिविधियों को भी बढ़ावा मिलेगा।
रायपुर में सड़क निर्माण के लिए रेलवे भूमि उपलब्ध कराने का आग्रह
रायपुर शहर के बढ़ते विस्तार का उल्लेख करते हुए सांसद बृजमोहन अग्रवाल ने रेलवे की भूमि से सड़क निर्माण के लिए राज्य सरकार को आवश्यक अनुमति प्रदान करने का आग्रह किया।
उन्होंने कहा कि डब्ल्यूआरएस और आरवीएच कॉलोनी क्षेत्र में सड़क निर्माण होने से यातायात व्यवस्था अधिक सुगम और व्यवस्थित हो सकेगी।
