रायपुर। छत्तीसगढ़ स्टेट इंडस्ट्रियल डेवलपमेंट कॉरपोरेशन लिमिटेड (सीएसआईडीसी) की 161वीं संचालक मंडल बैठक सोमवार को रायपुर स्थित उद्योग भवन में आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता सीएसआईडीसी के अध्यक्ष एवं कैबिनेट मंत्री दर्जा प्राप्त श्री राजीव अग्रवाल ने की। बैठक में राज्य के औद्योगिक विकास को गति देने और निवेश को बढ़ावा देने से जुड़े विभिन्न महत्वपूर्ण विषयों पर विस्तार से चर्चा की गई।
बैठक में औद्योगिक अधोसंरचना के विस्तार, नए निवेश अवसरों के सृजन तथा उद्योग आधारित रोजगार को बढ़ावा देने के लिए कई अहम निर्णय लिए गए।
जेम्स एवं ज्वेलरी पार्क की स्थापना पर आगे बढ़ेगी प्रक्रिया
संचालक मंडल की बैठक में रायपुर के देवेन्द्र नगर (पंडरी) क्षेत्र में जेम्स एवं ज्वेलरी पार्क की स्थापना के संबंध में महत्वपूर्ण चर्चा हुई।
बैठक में इस परियोजना को आगे बढ़ाने के लिए आवश्यक प्रक्रियाओं और आगामी कार्ययोजना पर विचार-विमर्श किया गया। अधिकारियों ने बताया कि जेम्स एवं ज्वेलरी पार्क की स्थापना से प्रदेश में इस क्षेत्र से जुड़े उद्योगों को प्रोत्साहन मिलेगा तथा रोजगार के नए अवसर सृजित होंगे।

यह भी पढ़ें: सोमनाथ स्वाभिमान सांस्कृतिक यात्रा का शुभारंभ: मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ……….. आगे पढ़ें
टेक्सटाइल और रेडीमेड गारमेंट क्षेत्र में निवेश बढ़ाने पर जोर
बैठक में राज्य में टेक्सटाइल पार्क और रेडीमेड गारमेंट पार्क के विकास पर भी विशेष चर्चा की गई।
संचालक मंडल ने इन क्षेत्रों में अधिक से अधिक निवेश आकर्षित करने तथा परियोजनाओं से संबंधित प्रक्रियाओं को तेज करने पर जोर दिया। अधिकारियों का मानना है कि टेक्सटाइल और गारमेंट उद्योगों के विस्तार से प्रदेश में औद्योगिक गतिविधियों को नई गति मिलेगी और स्थानीय स्तर पर रोजगार के अवसरों में वृद्धि होगी।
औद्योगिक विकास को नई दिशा देने की तैयारी
बैठक में इस बात पर बल दिया गया कि राज्य सरकार उद्योगों के लिए अनुकूल वातावरण तैयार करने और निवेशकों को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराने के लिए प्रतिबद्ध है।
औद्योगिक क्षेत्रों के विकास, नई परियोजनाओं की स्थापना और निवेश प्रक्रियाओं को सरल बनाने के प्रयासों के माध्यम से छत्तीसगढ़ को औद्योगिक दृष्टि से और अधिक सशक्त बनाने की दिशा में कार्य किया जा रहा है।
वरिष्ठ अधिकारियों की रही मौजूदगी
सीएसआईडीसी की बैठक में वाणिज्य एवं उद्योग विभाग के सचिव श्री रजत कुमार, सीएसआईडीसी के प्रबंध संचालक श्री विश्वेश कुमार, उद्योग संचालनालय के संचालक श्री प्रभात मलिक, वित्त विभाग की संयुक्त सचिव श्रीमती श्रद्धा त्रिवेदी तथा नगर एवं ग्राम निवेश विभाग के अपर संचालक श्री संदीप बागड़े सहित अन्य वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित रहे।
बैठक में विभिन्न औद्योगिक परियोजनाओं की प्रगति की भी समीक्षा की गई और भविष्य की रणनीति पर चर्चा की गई।
