सारंगढ़। छत्तीसगढ़ के राजस्व एवं उच्च शिक्षा मंत्री टंक राम वर्मा ने सारंगढ़ कलेक्ट्रेट सभाकक्ष में जिले के विकास कार्यों और जनकल्याणकारी योजनाओं की समीक्षा करते हुए अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिए कि शासन की योजनाओं का लाभ अंतिम व्यक्ति तक पहुंचना चाहिए। उन्होंने कहा कि अधिकारी और कर्मचारी जिम्मेदारी के साथ कार्य करें तथा जनता से जुड़े मामलों का समय-सीमा में निराकरण सुनिश्चित करें।
बैठक में सुशासन तिहार, सीएम हेल्पलाइन, राजस्व प्रकरणों, प्रधानमंत्री आवास योजना और विभिन्न विकास कार्यों की प्रगति की विस्तार से समीक्षा की गई।
यह भी पढ़ें: घर के सामने से किराना व्यवसायी का अपहरण, CCTV……….. आगे पढ़ें
राजस्व मामलों में तेजी लाने के निर्देश
मंत्री टंक राम वर्मा ने जिले के एसडीएम और तहसीलदारों से सीमांकन, खाता विभाजन और फौती नामांतरण जैसे लंबित राजस्व प्रकरणों की तहसीलवार समीक्षा की।
उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि आम लोगों को बार-बार कार्यालयों के चक्कर न लगाने पड़ें और सभी राजस्व मामलों का निर्धारित समय-सीमा में निराकरण किया जाए। मंत्री ने कहा कि राजस्व विभाग से जुड़े कार्य सीधे जनता के हितों से जुड़े हैं, इसलिए इनमें किसी प्रकार की ढिलाई स्वीकार नहीं की जाएगी।
पीएम आवास योजना की धीमी प्रगति पर जताई नाराजगी
समीक्षा बैठक के दौरान प्रधानमंत्री ग्रामीण आवास योजना के अपूर्ण और अप्रारंभ कार्यों की धीमी प्रगति पर मंत्री ने नाराजगी जताई।
जिला पंचायत सीईओ ने बताया कि कई मामलों में मूल हितग्राहियों की मृत्यु हो चुकी है और वैध वारिस नहीं होने के कारण कार्य लंबित हैं। इस पर मंत्री ने तकनीकी बाधाओं को जल्द दूर कर आवास निर्माण कार्यों में तेजी लाने के निर्देश दिए।
यह भी पढ़ें: 39 दुर्गम गांवों में पहुंचाया गया तीन माह का राशन……….. आगे पढ़ें
सड़क निर्माण और मरम्मत कार्यों की समीक्षा
मंत्री वर्मा ने पीएम ग्राम सड़क योजना (PMGSY) और लोक निर्माण विभाग (PWD) के अधिकारियों से जिले में स्वीकृत नई सड़कों और चल रहे निर्माण कार्यों की जानकारी ली।
उन्होंने बारिश के मौसम को देखते हुए सड़क गुणवत्ता और ग्रामीण क्षेत्रों की कनेक्टिविटी बनाए रखने पर विशेष जोर दिया। साथ ही कहा कि सड़क निर्माण कार्यों में गुणवत्ता से किसी प्रकार का समझौता नहीं होना चाहिए।
खाद-बीज और किसानों की जरूरतों पर विशेष फोकस
बैठक में खरीफ सीजन को देखते हुए किसानों के लिए खाद और बीज की उपलब्धता की भी समीक्षा की गई।
मंत्री ने सहकारी समितियों में मांग और आपूर्ति की स्थिति की जानकारी लेते हुए अधिकारियों को निर्देश दिए कि किसानों को समय पर खाद और बीज उपलब्ध कराया जाए ताकि खेती-किसानी प्रभावित न हो।
स्वास्थ्य, पेंशन और जनकल्याणकारी योजनाओं की समीक्षा
समीक्षा बैठक में आयुष्मान कार्ड, जिला अस्पताल की स्वास्थ्य सुविधाएं, जीवनदीप समिति, पेंशन योजनाएं, छात्रावासों की व्यवस्था और अनुकंपा नियुक्ति मामलों पर भी चर्चा हुई।
इसके अलावा सेवा सेतु के माध्यम से आय, जाति और निवास प्रमाण पत्र जारी करने की प्रगति, पीएम सूर्य घर मुफ्त बिजली योजना, जल जीवन मिशन, महतारी वंदन योजना और डीएमएफ कार्यों की भी समीक्षा की गई।
अधिकारियों को दी चेतावनी
मंत्री टंक राम वर्मा ने कहा कि अधिकारियों और कर्मचारियों की कार्यशैली ही तय करती है कि योजनाओं का लाभ अंतिम व्यक्ति तक पहुंच रहा है या नहीं।
उन्होंने स्पष्ट शब्दों में कहा कि काम में लापरवाही किसी भी स्थिति में बर्दाश्त नहीं की जाएगी और सभी विभागीय अधिकारी जनहित के कार्यों को प्राथमिकता दें।
बैठक में कलेक्टर पद्मिनी भोई साहू, प्रभारी पुलिस अधीक्षक निमिषा पाण्डेय सहित विभिन्न विभागों के वरिष्ठ अधिकारी मौजूद रहे।
