रायपुर। कांग्रेस के जिला अध्यक्ष प्रशिक्षण शिविर और नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी के प्रस्तावित छत्तीसगढ़ दौरे को लेकर भारतीय जनता पार्टी ने तीखा हमला बोला है। भाजपा प्रदेश प्रवक्ता देवलाल ठाकुर ने राहुल गांधी के दौरे पर कटाक्ष करते हुए कहा कि जिस नेता के नाम पर लगातार चुनावी हार का रिकॉर्ड दर्ज हो, वह कांग्रेस कार्यकर्ताओं को जीत का कौन सा मंत्र सिखाएंगे।
देवलाल ठाकुर ने कहा कि कांग्रेस का यह प्रशिक्षण शिविर वास्तव में जीत की रणनीति बनाने के बजाय हार की समीक्षा और असफलताओं का प्रशिक्षण शिविर प्रतीत होता है। उन्होंने तंज कसते हुए कहा कि कांग्रेस को अपने एजेंडे में एक नया विषय शामिल करना चाहिए— “लगातार चुनाव कैसे हारे जाएं?” और इस विषय पर पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल को मुख्य वक्ता बनाया जाना चाहिए।
भाजपा प्रवक्ता ने कहा कि छत्तीसगढ़ की जनता ने विधानसभा और लोकसभा चुनाव में कांग्रेस को स्पष्ट संदेश दिया है। जनता ने भ्रष्टाचार, कुशासन और वादाखिलाफी के कारण कांग्रेस को सत्ता से बाहर का रास्ता दिखाया। ऐसे में जिन नेताओं को जनता पहले ही नकार चुकी है, वही अब जिला अध्यक्षों को राजनीतिक प्रशिक्षण देने का दावा कर रहे हैं।
उन्होंने कहा कि राहुल गांधी देशभर में कांग्रेस को मजबूत करने में असफल रहे हैं, वहीं छत्तीसगढ़ में कांग्रेस नेतृत्व भी लगातार चुनावी झटके झेलता रहा है। ऐसे नेताओं के मार्गदर्शन में आयोजित होने वाला यह शिविर कार्यकर्ताओं को यह जरूर सिखा सकता है कि अति आत्मविश्वास, गुटबाजी और गलत रणनीतियों के कारण पार्टी को कैसे नुकसान पहुंचाया जाता है।
देवलाल ठाकुर ने दावा किया कि कांग्रेस चाहे जितने प्रशिक्षण शिविर आयोजित कर ले, लेकिन जनता के बीच खोई हुई विश्वसनीयता केवल बैठकों और भाषणों से वापस नहीं लाई जा सकती। उन्होंने कहा कि प्रदेश की जनता विकास, सुशासन और जनकल्याण के मुद्दों पर भाजपा सरकार के साथ खड़ी है और कांग्रेस के राजनीतिक प्रयोगों का कोई प्रभाव पड़ने वाला नहीं है।
