रायपुर। कांग्रेस नेता राहुल गांधी के प्रस्तावित छत्तीसगढ़ दौरे को लेकर प्रदेश की राजनीति गरमा गई है। वन, जलवायु परिवर्तन, परिवहन, सहकारिता एवं संसदीय कार्य मंत्री केदार कश्यप ने राहुल गांधी के दौरे पर तीखी प्रतिक्रिया देते हुए इसे कांग्रेस की राजनीतिक हताशा, संगठनात्मक कमजोरी और घटते जनाधार का प्रतीक बताया है।
मंत्री केदार कश्यप ने कहा कि जिस कांग्रेस ने अपने शासनकाल में भ्रष्टाचार, घोटालों और जनता के विश्वास के साथ खिलवाड़ किया, वही आज फिर जनता के बीच जाकर समर्थन और विश्वास मांगने का प्रयास कर रही है। उन्होंने आरोप लगाया कि कांग्रेस अपने शासनकाल की विफलताओं और विवादों से जनता का ध्यान भटकाने की कोशिश कर रही है।
राहुल गांधी के दौरे पर साधा निशाना
केदार कश्यप ने कांग्रेस नेतृत्व पर निशाना साधते हुए कहा कि पार्टी अपने शीर्ष नेताओं को खुश करने के लिए हमेशा नए-नए राजनीतिक प्रयोग करती रही है। उन्होंने तंज कसते हुए कहा कि पिछली बार प्रियंका गांधी के छत्तीसगढ़ दौरे के दौरान कांग्रेस नेताओं ने उनके स्वागत के लिए गुलाब की पंखुड़ियों की सड़क बिछाई थी। इस बार कांग्रेस को अपने शासनकाल की पहचान रहे कथित शराब घोटाले को याद करते हुए राहुल गांधी का स्वागत “दारू से चरण धोकर” करना चाहिए।

उन्होंने कहा कि कांग्रेस को पहले अपने शासनकाल के दौरान सामने आए कथित शराब घोटाले, कोयला घोटाले, भर्ती घोटालों और विभिन्न योजनाओं में अनियमितताओं पर जनता को जवाब देना चाहिए। जनता इन मुद्दों पर स्पष्ट जवाब चाहती है।
कांग्रेस शासन पर लगाए गंभीर आरोप
वन मंत्री ने कहा कि कांग्रेस सरकार ने किसानों, युवाओं, महिलाओं और आदिवासी समाज से कई बड़े वादे किए थे, लेकिन अधिकांश वादे केवल घोषणाओं तक सीमित रह गए। यही कारण है कि जनता ने कांग्रेस को सत्ता से बाहर का रास्ता दिखाया।
उन्होंने दावा किया कि प्रदेश की जनता कांग्रेस के कार्यकाल को भूली नहीं है और अब विकास तथा सुशासन की राजनीति को प्राथमिकता दे रही है।
भाजपा सरकार के कार्यों का किया उल्लेख
केदार कश्यप ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और मुख्यमंत्री विष्णु देव साय के नेतृत्व में छत्तीसगढ़ में विकास कार्यों को नई गति मिली है। उन्होंने कहा कि बस्तर से सरगुजा तक सड़क, स्वास्थ्य, शिक्षा, आवास, जनजातीय विकास और नक्सल उन्मूलन के क्षेत्र में महत्वपूर्ण कार्य हुए हैं।
उनका कहना था कि भाजपा सरकार जमीन पर परिणाम देने का काम कर रही है, जबकि कांग्रेस केवल आरोप-प्रत्यारोप और दुष्प्रचार की राजनीति में लगी हुई है।
कांग्रेस को संगठन पर ध्यान देने की सलाह
मंत्री कश्यप ने कहा कि कांग्रेस को पहले अपने संगठन के भीतर मौजूद गुटबाजी, नेतृत्व संकट और आंतरिक अविश्वास को दूर करने पर ध्यान देना चाहिए। उन्होंने कहा कि जनता ने कांग्रेस को विपक्ष की भूमिका दी है, लेकिन पार्टी सकारात्मक विपक्ष की भूमिका निभाने के बजाय लगातार राजनीतिक आरोपों में उलझी हुई है।
उन्होंने विश्वास जताया कि प्रदेश की जनता भाजपा सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं, विकास कार्यों और पारदर्शी शासन पर भरोसा बनाए रखेगी तथा आने वाले समय में कांग्रेस को और राजनीतिक चुनौतियों का सामना करना पड़ेगा।
