बलरामपुर। जिले के शंकरगढ़ मंडल में तीन दिवसीय वृहद पंजीकरण शिविर का आयोजन किया गया। शिविर में सामरी विधायक श्रीमती उधेश्वरी पैकरा शामिल हुईं और विभिन्न सरकारी योजनाओं से पात्र हितग्राहियों को जोड़ने के अभियान का शुभारंभ किया। इस दौरान उन्होंने छत्तीसगढ़ महतारी की आरती कर पूजा-अर्चना की तथा प्रदेश की खुशहाली और समृद्धि की कामना की।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए विधायक उधेश्वरी पैकरा ने राज्य सरकार के “12 साल बेमिसाल विकास, विश्वास और जनकल्याण” के संकल्प का उल्लेख किया। उन्होंने कहा कि सरकार की प्राथमिकता है कि कोई भी पात्र व्यक्ति शासन की जनकल्याणकारी योजनाओं के लाभ से वंचित न रहे। इसी उद्देश्य से वृहद पंजीकरण शिविरों का आयोजन किया जा रहा है, ताकि जरूरतमंद लोगों को योजनाओं से जोड़ा जा सके।

विधायक पैकरा ने कहा कि सामरी विधानसभा क्षेत्र के प्रत्येक नागरिक तक शासन की योजनाओं का लाभ पहुंचाना उनका प्रमुख लक्ष्य है। उन्होंने अधिकारियों और कार्यकर्ताओं से अधिक से अधिक पात्र हितग्राहियों का पंजीयन सुनिश्चित करने और उन्हें विभिन्न योजनाओं की जानकारी देने का आह्वान किया।
तीन दिवसीय इस शिविर में विभिन्न विभागों द्वारा नागरिकों का पंजीयन किया जा रहा है, ताकि उन्हें सरकारी योजनाओं का लाभ समय पर मिल सके। शिविर में बड़ी संख्या में ग्रामीणों और स्थानीय नागरिकों ने भाग लेकर योजनाओं की जानकारी प्राप्त की।
