रायपुर। हैदराबाद में आयोजित ‘छत्तीसगढ़ इन्वेस्टर कनेक्ट’ कार्यक्रम में राज्य को बड़ी निवेश सफलता मिली है। विभिन्न क्षेत्रों की 7 प्रमुख कंपनियों ने 9,580 करोड़ रुपये के निवेश प्रस्ताव दिए हैं, जिनसे 7,800 से अधिक रोजगार सृजित होने की संभावना है।
कार्यक्रम में मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने निवेशकों को छत्तीसगढ़ में निवेश के लिए आमंत्रित करते हुए कहा कि राज्य तेजी से विकसित भारत का ग्रोथ इंजन बन रहा है और यहां निवेशकों के लिए बेहतर औद्योगिक माहौल उपलब्ध है।
सबसे बड़ा निवेश प्रस्ताव हाइपरनेक्स्ट डाटा सेंटर लिमिटेड की ओर से आया, जिसने 4,200 करोड़ रुपये के निवेश से देश का पहला समर्पित डिजास्टर रिकवरी डाटा सेंटर कैंपस स्थापित करने की इच्छा जताई। वहीं सीमेंट क्षेत्र में 2,912 करोड़, एआई और सेमीकंडक्टर क्षेत्र में 1,000 करोड़, सौर ऊर्जा उपकरण निर्माण में 700 करोड़ और टेक्सटाइल सेक्टर में 528 करोड़ रुपये के निवेश प्रस्ताव मिले।
मुख्यमंत्री ने बताया कि नई औद्योगिक नीति लागू होने के बाद राज्य को अब तक 8 लाख करोड़ रुपये से अधिक के निवेश प्रस्ताव प्राप्त हो चुके हैं। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार निवेश प्रस्तावों को तेजी से धरातल पर उतारने के लिए काम कर रही है।
कार्यक्रम में उद्योग मंत्री लखन लाल देवांगन, सीएसआईडीसी अध्यक्ष राजीव अग्रवाल समेत उद्योग विभाग के वरिष्ठ अधिकारी और देश के कई बड़े निवेशक मौजूद रहे।
