रायपुर, 22 नवंबर 2026
मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने जशपुर जिले के फरसाबहार विकासखंड अंतर्गत ग्राम पमशाला में 1 करोड़ 97 लाख 56 हजार रुपये की लागत से होने वाले विभिन्न विकास कार्यों का लोकार्पण एवं भूमिपूजन किया। इन कार्यों में चार महतारी सदन, चार सामुदायिक भवन, पुलिया और सीसी सड़क का निर्माण शामिल है। इन विकास कार्यों से ग्रामीण क्षेत्रों में बुनियादी सुविधाओं का विस्तार होगा और महिलाओं को सामाजिक एवं सामुदायिक गतिविधियों के साथ आत्मनिर्भरता की दिशा में आगे बढ़ने के अवसर मिलेंगे।
मुख्यमंत्री ने ग्राम गंझियाडीह, उपरकछार, सिकिरमा और अंबाकछार में 30-30 लाख रुपये की लागत से बनने वाले चार महतारी सदनों का भूमिपूजन किया। इनका कुल निर्माण व्यय 1 करोड़ 20 लाख रुपये होगा। महतारी सदन ग्रामीण महिलाओं के लिए सामाजिक, सांस्कृतिक और रचनात्मक गतिविधियों के प्रमुख केंद्र के रूप में विकसित किए जाएंगे। यहां महिलाएं एक साथ बैठकर आपसी संवाद कर सकेंगी और स्वरोजगार से जुड़ी गतिविधियों एवं पहलों को आगे बढ़ा सकेंगी।

इसी तरह ग्राम तुबा, सिकिरमा, धौरासांड और मेंडरबहार में 13 लाख 27 हजार रुपये प्रति भवन की लागत से चार सामुदायिक भवनों का निर्माण किया जाएगा। इन भवनों के बनने से ग्रामीणों को सामाजिक, सांस्कृतिक और सार्वजनिक आयोजनों के लिए सुविधाजनक स्थान उपलब्ध होगा।
मुख्यमंत्री ने ग्राम पमशाला के बेराटोली में भजनो घर के पास 10 लाख रुपये की लागत से बनने वाली पुलिया का भूमिपूजन भी किया। इसके साथ ही पमशाला में मुख्य मार्ग से मंदिर तक 14 लाख 48 हजार रुपये की लागत से निर्मित सीसी सड़क का लोकार्पण किया। इन निर्माण कार्यों से स्थानीय नागरिकों को आवागमन में सुविधा मिलेगी।
इस अवसर पर मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने कहा कि गांवों का विकास ही प्रदेश की समृद्धि का आधार है। सरकार का प्रयास है कि ग्रामीण क्षेत्रों में सड़क, बिजली, पानी और अन्य बुनियादी सुविधाओं का लगातार विस्तार हो तथा विकास का लाभ समाज के अंतिम व्यक्ति तक पहुंचे। उन्होंने कहा कि गांवों की जरूरतों के अनुरूप विकास कार्यों को प्राथमिकता दी जा रही है, ताकि ग्रामीणों का जीवन अधिक सहज और सुविधाजनक बन सके।
मुख्यमंत्री ने कहा कि महिलाओं का सशक्तिकरण सरकार की प्रमुख प्राथमिकताओं में शामिल है। महतारी वंदन योजना के माध्यम से महिलाओं को आर्थिक संबल दिया जा रहा है। वहीं महतारी सदनों के जरिए उन्हें सामाजिक और सामुदायिक गतिविधियों के लिए बेहतर स्थान उपलब्ध कराया जा रहा है। उन्होंने कहा कि महतारी सदन केवल भवन नहीं, बल्कि गांव की माताओं और बहनों के लिए आगे बढ़ने, अपनी प्रतिभा निखारने और आत्मनिर्भर बनने के नए अवसरों के केंद्र होंगे।
मुख्यमंत्री ने कहा कि ग्रामीण क्षेत्रों की आवश्यकताओं को ध्यान में रखते हुए विकास कार्यों को निरंतर आगे बढ़ाया जा रहा है। सड़क, पुलिया और सामुदायिक भवन जैसी सुविधाएं गांवों के दैनिक जीवन को बेहतर बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाती हैं। उन्होंने विश्वास जताया कि इन कार्यों से क्षेत्र के लोगों को सीधा लाभ मिलेगा और गांवों के सामाजिक एवं आर्थिक विकास को नई गति मिलेगी।
कार्यक्रम में पूर्व राज्यसभा सांसद रणविजय सिंह जूदेव, जिला पंचायत अध्यक्ष सालिक साय, पूर्व विधायक भरत साय, नगर पालिका जशपुर के उपाध्यक्ष यश प्रताप सिंह जूदेव, वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक डॉ. लाल उमेद सिंह, जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी अभिषेक कुमार सहित जनप्रतिनिधि, अधिकारी और बड़ी संख्या में ग्रामीणजन उपस्थित रहे।
