रायपुर, 20 नवंबर 2026
छत्तीसगढ़ में बच्चों के बीच वैज्ञानिक सोच, अनुसंधान और नवाचार की भावना को प्रोत्साहित करने के उद्देश्य से 32वीं राष्ट्रीय बाल विज्ञान कांग्रेस-2026 के अंतर्गत 24वीं राज्य स्तरीय बाल विज्ञान कांग्रेस का शुभारंभ पंडित रविशंकर शुक्ल विश्वविद्यालय, रायपुर में हुआ। छत्तीसगढ़ विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी परिषद (सीकॉस्ट) द्वारा आयोजित इस आयोजन में प्रदेश के विभिन्न जिलों से आए बाल वैज्ञानिक अपनी शोध परियोजनाओं और अभिनव विचारों के माध्यम से वैज्ञानिक प्रतिभा का प्रदर्शन करेंगे। इस वर्ष कांग्रेस का मुख्य विषय ‘सततता के लिए विज्ञान एवं नवाचार’ रखा गया है, जिसके अंतर्गत प्रतिभागी विभिन्न उपविषयों पर आधारित शोध परियोजनाएं प्रस्तुत करेंगे।
उद्घाटन समारोह में डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी अंतरराष्ट्रीय सूचना प्रौद्योगिकी संस्थान के कुलपति एवं निदेशक ओ.पी. व्यास, पंडित रविशंकर शुक्ल विश्वविद्यालय के कुलपति सच्चिदानंद शुक्ल तथा छत्तीसगढ़ विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी परिषद के महानिदेशक प्रशांत कविश्वर शामिल हुए।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए डॉ. ओ.पी. व्यास ने कहा कि विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी के क्षेत्र में होने वाले नए अनुसंधानों और आविष्कारों की बुनियाद मौलिक विज्ञान है। वैज्ञानिक प्रगति के लिए जिज्ञासा, तार्किक चिंतन और समस्याओं का विश्लेषण करने की क्षमता जरूरी है। उन्होंने आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (एआई) के बढ़ते उपयोग का उल्लेख करते हुए कहा कि आज तकनीक की मदद से विभिन्न प्रश्नों के उत्तर प्राप्त करना आसान हो गया है, लेकिन सही, सार्थक और गुणवत्तापूर्ण प्रश्न तैयार करना उससे भी अधिक महत्वपूर्ण है। बेहतर प्रश्न ही नए समाधान और वैज्ञानिक खोजों का रास्ता खोलते हैं। उन्होंने बाल वैज्ञानिकों को नई तकनीकों का रचनात्मक उपयोग करने और अपनी मौलिक सोच को लगातार विकसित करने के लिए प्रेरित किया।
पंडित रविशंकर शुक्ल विश्वविद्यालय के कुलपति सच्चिदानंद शुक्ल ने कहा कि विद्यार्थियों में नई सोच, रचनात्मकता और विभिन्न विषयों को समझने की अद्भुत क्षमता होती है। विशेषकर 10 से 24 वर्ष आयु वर्ग के युवाओं में बहुआयामी विचारों और नवाचार की व्यापक संभावनाएं हैं। उन्होंने शिक्षकों से विद्यार्थियों की जिज्ञासाओं को प्रोत्साहित करने, उनकी समस्याओं का समाधान करने तथा उन्हें स्वतंत्र रूप से सोचने और नए प्रयोग करने के अवसर देने का आग्रह किया। उन्होंने विश्वविद्यालय में स्थापित आइडियाथॉन का उल्लेख करते हुए बाल वैज्ञानिकों को इसका अवलोकन करने के लिए आमंत्रित किया। उन्होंने कहा कि ऐसे मंच विद्यार्थियों के नए विचारों को प्रोत्साहित करने और उन्हें व्यावहारिक स्वरूप देने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं।
कार्यक्रम की अध्यक्षता करते हुए छत्तीसगढ़ विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी परिषद के महानिदेशक प्रशांत कविश्वर ने प्रतिभागियों का उत्साहवर्धन किया। उन्होंने बाल वैज्ञानिकों को अपनी शोध परियोजनाएं आत्मविश्वास और स्पष्टता के साथ प्रस्तुत करने के लिए प्रेरित किया। उन्होंने कहा कि बाल विज्ञान कांग्रेस बच्चों को अपने आसपास की समस्याओं को वैज्ञानिक दृष्टिकोण से समझने और उनके समाधान खोजने का महत्वपूर्ण अवसर प्रदान करती है।
इस वर्ष राज्य के सभी 33 जिलों से कुल 4,228 समूहों के 8,456 बाल वैज्ञानिकों ने पोर्टल के माध्यम से पंजीयन कराया है। मुख्य विषय ‘सततता के लिए विज्ञान एवं नवाचार’ के अंतर्गत पांच उपविषयों पर शोध परियोजनाएं तैयार की गई हैं। अक्टूबर और नवंबर 2026 के दौरान सभी जिलों में जिला स्तरीय बाल विज्ञान कांग्रेस आयोजित की गई, जिनमें चयनित प्रत्येक जिले के पांच बाल वैज्ञानिक अब राज्य स्तरीय आयोजन में अपनी परियोजनाओं का प्रस्तुतीकरण करेंगे। यहां विषय-विशेषज्ञों द्वारा परियोजनाओं का मूल्यांकन किया जाएगा। राज्य स्तर पर चयनित बाल वैज्ञानिक राष्ट्रीय बाल विज्ञान कांग्रेस में छत्तीसगढ़ का प्रतिनिधित्व करेंगे।
उल्लेखनीय है कि राष्ट्रीय बाल विज्ञान कांग्रेस भारत सरकार के विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी विभाग के अंतर्गत राष्ट्रीय विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी संचार परिषद (एनसीएसटीसी) का एक प्रतिष्ठित राष्ट्रव्यापी कार्यक्रम है। इसका उद्देश्य बच्चों में वैज्ञानिक चेतना, जिज्ञासा, रचनात्मकता और अनुसंधान की प्रवृत्ति विकसित करना है। छत्तीसगढ़ राज्य के गठन के बाद आयोजित की जा रही यह 24वीं राज्य स्तरीय बाल विज्ञान कांग्रेस है।
उद्घाटन सत्र में राज्य समन्वयक डॉ. जे.के. राय, पंडित रविशंकर शुक्ल विश्वविद्यालय के प्रोफेसर केशवकांत साहू, विभिन्न जिलों के जिला समन्वयक, बाल वैज्ञानिक, मार्गदर्शक शिक्षक, विश्वविद्यालय के प्राध्यापक तथा छत्तीसगढ़ विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी परिषद के वैज्ञानिक उपस्थित रहे।
