रायपुर, 20 नवंबर 2026
प्रधानमंत्री स्वनिधि योजना के प्रभावी क्रियान्वयन और पथ विक्रेताओं के आर्थिक सशक्तीकरण की दिशा में उत्कृष्ट कार्यों के लिए छत्तीसगढ़ ने राष्ट्रीय स्तर पर बड़ी उपलब्धि हासिल की है। नई दिल्ली के डॉ. अंबेडकर इंटरनेशनल सेंटर में आयोजित ‘स्वनिधि सम्मान अवार्ड्स-2026’ समारोह में छत्तीसगढ़ को कुल पांच राष्ट्रीय पुरस्कारों से सम्मानित किया गया। राज्य ने फास्टेस्ट मूवर्स श्रेणी में देश में प्रथम और इनोवेशन एंड बेस्ट प्रैक्टिसेज श्रेणी में द्वितीय स्थान प्राप्त किया। उप मुख्यमंत्री एवं नगरीय प्रशासन तथा विकास मंत्री श्री अरुण साव ने राज्य की ओर से ये दोनों पुरस्कार ग्रहण किए।
इस राष्ट्रीय सम्मान समारोह का आयोजन भारत सरकार के आवासन एवं शहरी कार्य मंत्रालय द्वारा किया गया। कार्यक्रम में केंद्रीय आवासन एवं शहरी कार्य मंत्री श्री मनोहर लाल और केंद्रीय आवासन एवं शहरी कार्य राज्य मंत्री श्री तोखन साहू उपस्थित रहे। राज्य स्तरीय पुरस्कारों के साथ छत्तीसगढ़ के तीन नगरीय निकायों बिलासपुर, बड़े बचेली और दंतेवाड़ा को भी उनकी उपलब्धियों के लिए राष्ट्रीय स्तर पर सम्मानित किया गया।
डिजिटल अडॉप्शन श्रेणी में बड़े बचेली ने एक लाख से कम जनसंख्या वाले नगरीय निकायों की श्रेणी में देश में प्रथम स्थान हासिल किया, जबकि दंतेवाड़ा को द्वितीय स्थान मिला। वहीं, एक लाख से दस लाख की आबादी वाले नगरीय निकायों की श्रेणी में नगर पालिक निगम बिलासपुर ने राष्ट्रीय स्तर पर द्वितीय स्थान प्राप्त किया। इन उपलब्धियों के साथ प्रदेश के तीनों नगरीय निकायों ने डिजिटल लेनदेन को बढ़ावा देने और पथ विक्रेताओं को संस्थागत ऋण सुविधाओं से जोड़ने के प्रयासों में अपनी पहचान बनाई है।
मुख्यमंत्री श्री विष्णु देव साय ने छत्तीसगढ़ को मिले पांच राष्ट्रीय पुरस्कारों पर प्रसन्नता व्यक्त करते हुए इसे पूरे प्रदेश के लिए गौरव का विषय बताया। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में संचालित पीएम स्वनिधि योजना छोटे व्यवसायियों को आर्थिक रूप से आत्मनिर्भर बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रही है। फास्टेस्ट मूवर्स श्रेणी में देश में प्रथम और इनोवेशन एंड बेस्ट प्रैक्टिसेज श्रेणी में द्वितीय स्थान मिलना राज्य में योजना के प्रभावी क्रियान्वयन और नवाचारों का परिणाम है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य सरकार का संकल्प है कि विकास का लाभ समाज के अंतिम व्यक्ति तक पहुंचे। पथ विक्रेताओं और छोटे व्यवसायियों को आर्थिक संबल प्रदान कर उनके लिए सम्मानजनक आजीविका के अवसर उपलब्ध कराना सरकार की प्राथमिकता है। उन्होंने कहा कि यह राष्ट्रीय सम्मान प्रदेश में सुशासन, प्रभावी क्रियान्वयन और जनकल्याण के प्रति सरकार की प्रतिबद्धता को और मजबूत करता है।
उप मुख्यमंत्री श्री अरुण साव ने कहा कि छत्तीसगढ़ को राज्य स्तर पर दो राष्ट्रीय पुरस्कार और बिलासपुर, बड़े बचेली तथा दंतेवाड़ा को डिजिटल अडॉप्शन श्रेणी में सम्मान मिलना नगरीय निकायों की बेहतर कार्यप्रणाली और समर्पित प्रयासों का परिणाम है। उन्होंने कहा कि पीएम स्वनिधि योजना के माध्यम से पथ विक्रेताओं को संस्थागत ऋण, डिजिटल लेनदेन और स्वरोजगार के बेहतर अवसर उपलब्ध कराए जा रहे हैं। यह उपलब्धि नगरीय निकायों को पथ विक्रेताओं के जीवन में सकारात्मक बदलाव लाने के लिए और अधिक प्रतिबद्धता से कार्य करने की प्रेरणा देगी।
समारोह में नगरीय प्रशासन एवं विकास विभाग के प्रमुख सचिव श्री सोनमणि बोरा, संचालक नगरीय प्रशासन एवं विकास श्री निलेश महादेव क्षीरसागर और राज्य शहरी विकास अभिकरण के उप मुख्य कार्यपालन अधिकारी (मिशन) श्री सुनील अग्रहरी भी उपस्थित रहे। इसके अलावा नगर पालिक निगम बिलासपुर की महापौर श्रीमती पूजा विधानी एवं आयुक्त श्री प्रकाश कुमार सर्वे, नगर पालिका परिषद दंतेवाड़ा की अध्यक्ष श्रीमती पायल गुप्ता एवं मुख्य नगर पालिका अधिकारी श्री अरुण कुमार ध्रुव तथा नगर पालिका परिषद बड़े बचेली के अध्यक्ष श्री राजू जायसवाल एवं मुख्य नगर पालिका अधिकारी श्री पी.टी.एम. कृष्णा राव ने भी समारोह में सहभागिता की।
पीएम स्वनिधि योजना के अंतर्गत छत्तीसगढ़ में पथ विक्रेताओं को आर्थिक गतिविधियों से जोड़ने, उनकी आजीविका मजबूत करने और आत्मनिर्भरता को बढ़ावा देने के लिए लगातार प्रयास किए जा रहे हैं। राज्य और नगरीय निकायों को मिले पांच राष्ट्रीय पुरस्कार इन प्रयासों को मिली राष्ट्रीय पहचान हैं। यह उपलब्धि शहरी आजीविका संवर्धन, डिजिटल लेनदेन को प्रोत्साहन और छोटे व्यवसायियों के आर्थिक सशक्तीकरण की दिशा में छत्तीसगढ़ के कार्यों को रेखांकित करती है।
