रायपुर, 20 नवंबर 2026
मेहनत, लगन और शासन की योजनाओं से मिले सहयोग ने नारायणपुर जिले के ग्राम मातला निवासी श्री मंगेश पोटाई के जीवन में सकारात्मक बदलाव लाया है। कभी आर्थिक संसाधनों की कमी के कारण बकरी पालन का व्यवसाय आगे बढ़ाने में कठिनाइयों का सामना करने वाले मंगेश आज 30 से 35 बकरियों के मालिक हैं। राज्य शासन की बकरी उद्यमिता विकास योजना के तहत मिली 50 हजार रुपये की आर्थिक सहायता और पशुधन विकास विभाग के तकनीकी मार्गदर्शन से उनका बकरी पालन का व्यवसाय परिवार की आजीविका का महत्वपूर्ण साधन बन गया है।
नारायणपुर विकासखंड की ग्राम पंचायत मातला निवासी श्री मंगेश पोटाई, पिता श्री गिंजरू राम, की शुरुआत से ही बकरी पालन में रुचि रही है। वे इस व्यवसाय को आय का स्थायी साधन बनाना चाहते थे, लेकिन सीमित आर्थिक संसाधनों के कारण अपने प्रयासों को आगे नहीं बढ़ा पा रहे थे। इसी दौरान उन्हें पशुधन विकास विभाग द्वारा संचालित राज्य बकरी उद्यमिता विकास योजना की जानकारी मिली। उन्होंने पशु चिकित्सालय बेनूर से संपर्क कर योजना का लाभ लेने की प्रक्रिया पूरी की। इसके बाद उन्हें 50 हजार रुपये की आर्थिक सहायता मिली, जिसने उनके व्यवसाय को आगे बढ़ाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।
योजना से सहायता मिलने के बाद मंगेश ने बकरी पालन को व्यवस्थित व्यवसाय के रूप में विकसित करने पर ध्यान दिया। पशुधन विकास विभाग के अधिकारियों ने उन्हें बकरियों के संतुलित आहार, उचित रखरखाव, स्वच्छ आवास और नियमित स्वास्थ्य परीक्षण के संबंध में तकनीकी मार्गदर्शन दिया। विभागीय सहयोग और अपनी मेहनत से उन्होंने धीरे-धीरे बकरियों की संख्या बढ़ाई। आज उनके पास लगभग 30 से 35 बकरियां हैं और वे इस व्यवसाय से नियमित आमदनी अर्जित करने की दिशा में आगे बढ़ रहे हैं।
मंगेश अब तक 10 से 12 बकरों का विक्रय कर लगभग 35 से 40 हजार रुपये की आय प्राप्त कर चुके हैं। बकरों की बिक्री से मिली इस आमदनी ने उनके परिवार की आर्थिक स्थिति को मजबूती दी है। पहले जहां संसाधनों की कमी के कारण व्यवसाय का विस्तार करना मुश्किल था, वहीं अब वे भविष्य में बकरियों की संख्या बढ़ाकर अपनी आय में और वृद्धि करने की योजना बना रहे हैं।
श्री मंगेश पोटाई बताते हैं कि राज्य बकरी उद्यमिता विकास योजना उनके लिए आर्थिक संबल साबित हुई है। शासन से मिली सहायता और पशुधन विकास विभाग के मार्गदर्शन ने उन्हें अपने व्यवसाय को आगे बढ़ाने का अवसर दिया। उन्होंने इस सहयोग के लिए राज्य शासन और पशुधन विकास विभाग के प्रति आभार व्यक्त किया है।
मुख्यमंत्री श्री विष्णु देव साय के नेतृत्व में राज्य शासन द्वारा ग्रामीण आजीविका को मजबूत बनाने और पशुपालन आधारित स्वरोजगार को प्रोत्साहित करने के लिए प्रयास किए जा रहे हैं। नारायणपुर जिले में कलेक्टर के मार्गदर्शन में पात्र हितग्राहियों तक विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ पहुंचाया जा रहा है।
मंगेश पोटाई की सफलता इस बात का उदाहरण है कि आर्थिक सहायता, सही मार्गदर्शन और मेहनत के माध्यम से ग्रामीण क्षेत्रों में पशुपालन को आजीविका का बेहतर साधन बनाया जा सकता है। उनका यह सफर न केवल उनके परिवार की आर्थिक खुशहाली की दिशा में महत्वपूर्ण कदम है, बल्कि अन्य ग्रामीण युवाओं और पशुपालकों के लिए भी स्वरोजगार अपनाकर आत्मनिर्भर बनने की प्रेरणा है।
