रायपुर, 20 नवंबर 2026
प्रधानमंत्री आवास योजना (ग्रामीण) ने जांजगीर-चांपा जिले के ग्राम पेंड्री निवासी श्री रामकुमार कश्यप के परिवार के पक्के मकान का सपना साकार कर दिया है। सीमित आमदनी के कारण वर्षों तक जर्जर कच्चे मकान में रहने को मजबूर यह श्रमिक परिवार अब सुरक्षित और पक्के घर में जीवन बिता रहा है। शासन की विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं से मिली सहायता ने परिवार को बेहतर आवास उपलब्ध कराने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई है।
नवागढ़ विकासखंड के ग्राम पेंड्री निवासी श्री कश्यप का पुराना मकान काफी जर्जर हो चुका था। बरसात के दिनों में छत से पानी टपकता था और दीवारों में सीलन के कारण परिवार को परेशानियों का सामना करना पड़ता था। आर्थिक स्थिति कमजोर होने के कारण उनके लिए स्वयं पक्का मकान बनवाना संभव नहीं था। ऐसे में प्रधानमंत्री आवास योजना (ग्रामीण) उनके परिवार के लिए बड़ी राहत बनकर आई।
वित्तीय वर्ष 2024-25 में योजना के अंतर्गत श्री कश्यप को मकान निर्माण के लिए 1 लाख 20 हजार रुपये की सहायता स्वीकृत की गई। यह राशि अलग-अलग किस्तों में सीधे उनके बैंक खाते में अंतरित की गई। इसके अतिरिक्त रोजगार गारंटी योजना के तहत उन्हें 90 मानव दिवस की मजदूरी का लाभ मिला। वहीं, स्वच्छ भारत मिशन (ग्रामीण) के अंतर्गत शौचालय निर्माण के लिए 12 हजार रुपये की सहायता भी प्रदान की गई।
इन योजनाओं से प्राप्त सहयोग के माध्यम से श्री कश्यप ने अपने परिवार के लिए पक्का मकान बनवाया। अब परिवार को बारिश के दौरान छत से पानी टपकने और जर्जर दीवारों के कारण होने वाली परेशानियों से राहत मिल गई है। पक्के आवास के निर्माण से परिवार को सुरक्षित रहने का बेहतर अवसर मिला है।
अपना पक्का घर बनने पर श्री रामकुमार कश्यप ने प्रसन्नता व्यक्त करते हुए प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी और मुख्यमंत्री श्री विष्णु देव साय के प्रति आभार जताया। उनके परिवार के लिए यह आवास केवल एक मकान नहीं, बल्कि वर्षों से देखे जा रहे सुरक्षित और बेहतर जीवन के सपने के पूरा होने का अवसर बना है।
