रायपुर, 19 नवंबर 2026। मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय के नेतृत्व में छत्तीसगढ़ में ग्रामीणों को उनकी आबादी भूमि और मकानों का कानूनी स्वामित्व दिलाने की दिशा में महत्वपूर्ण उपलब्धि हासिल हुई है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की पहल पर संचालित स्वामित्व योजना के क्रियान्वयन में आदिवासी बहुल बलरामपुर-रामानुजगंज जिले ने प्रदेश में पहला स्थान प्राप्त किया है। जिले ने निर्धारित लक्ष्य के विरुद्ध शत-प्रतिशत प्रगति दर्ज करते हुए 160 गांवों के 801 हितग्राहियों के अधिकार अभिलेख तैयार कर उन्हें वितरित कर दिए हैं।

राज्य सरकार द्वारा राजस्व प्रशासन को पारदर्शी, समयबद्ध और तकनीक आधारित बनाने के प्रयासों का सकारात्मक परिणाम जिले में देखने को मिला है। अधीक्षक भू-अभिलेख की 18 नवंबर की रिपोर्ट के अनुसार जिले के 188 गांवों में ड्रोन सर्वे का कार्य पूरा किया जा चुका है। वहीं, सर्वे ऑफ इंडिया से प्राप्त 179 गांवों के मैप-1 का भौतिक सत्यापन कर वापस भेज दिया गया है। इसके चलते मैप-1 से संबंधित कोई भी प्रकरण लंबित नहीं है।

इसके बाद 160 गांवों के मैप-2 और मैप-3 का अंतिम प्रकाशन किया गया। इनके आधार पर तैयार 801 अधिकार अभिलेखों का डाटा ऑनलाइन अपलोड किया गया और आवश्यक हस्ताक्षर की प्रक्रिया पूरी कर सभी अभिलेख हितग्राहियों को सौंप दिए गए। इस तरह जिले में वितरण के लिए अब एक भी अधिकार अभिलेख शेष नहीं है।

स्वामित्व योजना के तहत मिले इन दस्तावेजों से ग्रामीण परिवारों को आर्थिक आत्मनिर्भरता की दिशा में नए अवसर मिलेंगे। मकान के स्वामित्व का कानूनी प्रमाण उपलब्ध होने से ग्रामीण बैंक से ऋण प्राप्त कर स्वरोजगार और छोटे व्यवसाय शुरू कर सकेंगे। इसके अलावा संपत्ति के मूल्यांकन, उत्तराधिकार और संपत्ति के लेन-देन से जुड़े विवादों में भी कमी आने की उम्मीद है।
इस योजना से ग्राम पंचायतों को भी आबादी भूमि के व्यवस्थित अभिलेख और जीआईएस आधारित डिजिटल मानचित्र उपलब्ध हो रहे हैं। इनके माध्यम से शासकीय भूमि की पहचान, अतिक्रमण पर नियंत्रण और ग्राम विकास की योजनाओं को बेहतर तरीके से तैयार करने में मदद मिलेगी।
बलरामपुर-रामानुजगंज जिले की यह उपलब्धि ग्रामीणों को संपत्ति का कानूनी अधिकार दिलाने के साथ राजस्व व्यवस्था में पारदर्शिता और ग्रामीण अर्थव्यवस्था को मजबूती प्रदान करने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम है। स्वामित्व योजना के माध्यम से राज्य सरकार आत्मनिर्भर ग्रामीण भारत के संकल्प को धरातल पर साकार करने की दिशा में आगे बढ़ रही है।
