रायपुर, 19 नवंबर 2026। 45वें भारत अंतरराष्ट्रीय व्यापार मेले में शुक्रवार, 20 नवंबर को छत्तीसगढ़ अपनी समृद्ध लोक संस्कृति और जनजातीय परंपराओं का प्रदर्शन करेगा। नई दिल्ली स्थित भारत मंडपम के एम्फी थिएटर-01 में शाम 5 बजे आयोजित राज्य दिवस समारोह में राज्यपाल रमेन डेका मुख्य अतिथि होंगे, जबकि मुख्यमंत्री विष्णु देव साय अध्यक्षता करेंगे।

समारोह में प्रदेश के कलाकार गौर, गौरा-गौरी, भोजली, राउत नाचा, सुआ, पंथी और करमा नृत्य प्रस्तुत करेंगे। पारंपरिक वेशभूषा, लोक वाद्ययंत्रों और संगीत के माध्यम से छत्तीसगढ़ के जनजातीय जीवन, सामाजिक परंपराओं और ग्रामीण संस्कृति की झलक राष्ट्रीय मंच पर दिखाई जाएगी।
इन नृत्यों में गौर बस्तर की जनजातीय परंपराओं और प्रकृति से जुड़ाव का प्रतीक है। गौरा-गौरी और भोजली लोक आस्था एवं पारंपरिक उत्सवों को दर्शाते हैं। राउत नाचा यादव समाज की सांस्कृतिक पहचान, सुआ महिलाओं की सामूहिक लोक अभिव्यक्ति, पंथी सतनाम पंथ की आध्यात्मिक परंपरा और करमा जनजातीय जीवन एवं सामूहिक उल्लास का प्रतीक है।
संस्कृति एवं राजभाषा विभाग द्वारा आयोजित इस समारोह का उद्देश्य छत्तीसगढ़ की लोक कलाओं को राष्ट्रीय पहचान दिलाना और देश-विदेश से आने वाले लोगों को प्रदेश की सांस्कृतिक विरासत से परिचित कराना है। कार्यक्रम में उप मुख्यमंत्री, मंत्री, सांसद, विधायक सहित अनेक विशिष्ट अतिथि शामिल होंगे।
भारत मंडपम में छत्तीसगढ़ का पवेलियन भी आगंतुकों के आकर्षण का केंद्र बना हुआ है। यहां बस्तर की बेलमेटल कला, जनजातीय आभूषण, पारंपरिक हस्तशिल्प, चांपा की कोसा सिल्क, हथकरघा वस्त्र और वनोपज से बने हर्बल उत्पाद प्रदर्शित किए जा रहे हैं। कोदो, कुटकी और रागी जैसे मिलेट उत्पादों के साथ चित्रकोट जलप्रपात का वर्चुअल रियलिटी अनुभव भी लोगों को आकर्षित कर रहा है। वहीं स्थानीय उद्यमियों और स्टार्टअप के नवाचार प्रदेश में स्वरोजगार एवं उद्यमिता की संभावनाओं को प्रदर्शित कर रहे हैं।
