रायपुर, 19 नवंबर 2026
प्रधानमंत्री स्वनिधि योजना के बेहतर क्रियान्वयन और उत्कृष्ट कार्यों के लिए छत्तीसगढ़ को राष्ट्रीय स्तर पर बड़ी उपलब्धि मिलने जा रही है। भारत सरकार के केन्द्रीय आवासन और शहरी कार्य मंत्रालय ने ‘स्वनिधि सम्मान अवार्ड्स-2026’ के लिए छत्तीसगढ़ राज्य के साथ प्रदेश के तीन नगरीय निकायों बिलासपुर, बड़े बचेली और दंतेवाड़ा का चयन किया है। इस उपलब्धि के साथ छत्तीसगढ़ को कुल चार राष्ट्रीय पुरस्कार प्राप्त होंगे।
नई दिल्ली के डॉ. अंबेडकर इंटरनेशनल सेंटर में 20 नवंबर को आयोजित समारोह में केन्द्रीय आवासन और शहरी कार्य मंत्री श्री मनोहर लाल चयनित राज्य और नगरीय निकायों को पुरस्कार प्रदान करेंगे। उप मुख्यमंत्री तथा नगरीय प्रशासन एवं विकास मंत्री श्री अरुण साव के नेतृत्व में राज्य शासन के वरिष्ठ अधिकारियों और संबंधित नगरीय निकायों के निर्वाचित जनप्रतिनिधियों एवं अधिकारियों की टीम यह सम्मान ग्रहण करेगी।
उप मुख्यमंत्री श्री अरुण साव ने इस उपलब्धि पर नगरीय प्रशासन विभाग और तीनों नगरीय निकायों को बधाई दी है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री स्वनिधि योजना के अंतर्गत छत्तीसगढ़ को चार राष्ट्रीय पुरस्कार मिलना गौरव और प्रसन्नता का विषय है। राज्य के साथ बिलासपुर, बड़े बचेली और दंतेवाड़ा का राष्ट्रीय स्तर पर चयन नगरीय निकायों के बेहतर कार्यों और पथ विक्रेताओं के आर्थिक सशक्तीकरण के लिए किए जा रहे प्रयासों की महत्वपूर्ण उपलब्धि है।
श्री साव ने कहा कि प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी की महत्वाकांक्षी पीएम स्वनिधि योजना छोटे व्यवसायियों और पथ विक्रेताओं को आत्मनिर्भर बनने के नए अवसर प्रदान कर रही है। इस योजना से उनके जीवन में सकारात्मक बदलाव आ रहा है। उन्होंने विश्वास जताया कि राष्ट्रीय स्तर पर मिला यह सम्मान नगरीय निकायों को पथ विक्रेताओं के आर्थिक सशक्तीकरण और उनके जीवन में सकारात्मक बदलाव लाने के लिए और अधिक प्रतिबद्धता के साथ कार्य करने की प्रेरणा देगा।
