कवर्धा, 16 नवंबर 2026। छत्तीसगढ़ के उप मुख्यमंत्री एवं कवर्धा विधायक विजय शर्मा ने कहा कि वरिष्ठजन समाज की अनमोल धरोहर हैं। उनका अनुभव, मार्गदर्शन और जीवनभर का अर्जित ज्ञान नई पीढ़ी के साथ-साथ पूरे समाज को सही दिशा देने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाता है। बदलते सामाजिक परिवेश में वरिष्ठजनों के अनुभव और संस्कार समाज को मजबूती प्रदान कर सकते हैं।
कवर्धा के पीजी कॉलेज ऑडिटोरियम में छत्तीसगढ़ वरिष्ठ नागरिक कॉन्फेडरेशन के सातवें प्रादेशिक सम्मेलन-2026 का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में उप मुख्यमंत्री विजय शर्मा शामिल हुए और ‘अनुभूति’ पत्रिका का विमोचन किया। उन्होंने कहा कि इस आयोजन में वे वरिष्ठजनों को कुछ देने नहीं, बल्कि उनसे आशीर्वाद, प्रेरणा और मार्गदर्शन प्राप्त करने आए हैं।

उप मुख्यमंत्री ने कहा कि पहले परिवार और समाज के लोग एक साथ बैठकर समय बिताते थे, लेकिन आज मोबाइल और सोशल मीडिया के बढ़ते प्रभाव के कारण आपसी मेलजोल में कमी आई है। ऐसे समय में वरिष्ठजनों के अनुभव और जीवन से मिले संस्कार सामाजिक संबंधों को मजबूत बनाने में अहम योगदान दे सकते हैं।
उन्होंने बताया कि वरिष्ठजनों की प्रेरणा और सुझाव पर कवर्धा में लगभग 30 लाख रुपये की लागत से सियान सदन का निर्माण कराया जा रहा है। वरिष्ठ नागरिकों द्वारा सुझाए गए स्थान पर बन रहा यह सदन उनके आपसी मेलजोल, अध्ययन और मनोरंजन का प्रमुख केंद्र बनेगा। यहां कैरम, शतरंज सहित विभिन्न गतिविधियों की सुविधाएं उपलब्ध होंगी। साथ ही भविष्य में वरिष्ठजनों की आवाजाही आसान बनाने के लिए बैटरी से चलने वाले छोटे वाहन की व्यवस्था करने की योजना भी है, जिसके माध्यम से वे फोन कर घर से सियान सदन तक आने-जाने की सुविधा प्राप्त कर सकेंगे।

विजय शर्मा ने पारिवारिक रिश्तों का उल्लेख करते हुए कहा कि मां के लिए बेटा उम्र में कितना भी बड़ा हो जाए, वह हमेशा उसका छोटा बच्चा ही रहता है। उन्होंने वरिष्ठजनों से अपने बचपन की सुखद यादों को संजोकर रखने का आग्रह किया। उन्होंने कहा कि जीवन की ऐसी यादें मन को प्रसन्नता और आत्मिक सुकून प्रदान करती हैं।
उप मुख्यमंत्री ने कवर्धा में प्रादेशिक सम्मेलन के आयोजन पर प्रसन्नता व्यक्त करते हुए आयोजकों को बधाई दी। साथ ही सियान सदन का निर्माण पूरा होने के बाद वहां भी इसी तरह के सम्मेलन आयोजित करने के लिए वरिष्ठ नागरिकों को आमंत्रित किया।
सम्मेलन में जिला पंचायत कबीरधाम के अध्यक्ष ईश्वरी साहू, नगर पालिका परिषद अध्यक्ष चंद्रप्रकाश चंद्रवंशी, जिला पंचायत उपाध्यक्ष कैलाश चंद्रवंशी, कॉन्फेडरेशन के प्रांतीय अध्यक्ष चंद्रप्रकाश देवरस, प्रांतीय महासचिव धनेश सोलंकी, डॉ. अतुल जैन, शुभंकर विश्वास, लालचंद जैन और आदित्य श्रीवास्तव सहित प्रदेश के विभिन्न क्षेत्रों से आए वरिष्ठ नागरिक एवं गणमान्यजन उपस्थित रहे।
