रायपुर, 16 नवंबर 2026/
बिलासपुर में 17 नवंबर को आयोजित होने जा रहा स्वनिधि महोत्सव पथ विक्रेताओं के आर्थिक सशक्तिकरण और उन्हें आधुनिक डिजिटल सुविधाओं से जोड़ने की दिशा में महत्वपूर्ण पहल साबित होगा। प्रधानमंत्री स्ट्रीट वेंडर्स आत्मनिर्भर निधि (पीएम स्वनिधि) योजना के अंतर्गत नगरीय प्रशासन एवं विकास विभाग तथा राज्य शहरी विकास अभिकरण (सूडा) द्वारा लालबहादुर शास्त्री स्कूल मैदान में इस महोत्सव का आयोजन किया जा रहा है। कार्यक्रम में केंद्रीय आवासन एवं शहरी कार्य राज्य मंत्री श्री तोखन साहू मुख्य अतिथि के रूप में शामिल होंगे, जबकि उप मुख्यमंत्री एवं नगरीय प्रशासन तथा विकास मंत्री श्री अरुण साव कार्यक्रम की अध्यक्षता करेंगे।
महोत्सव का प्रमुख उद्देश्य पथ विक्रेताओं को सरकारी योजनाओं का लाभ दिलाने के साथ उन्हें वित्तीय रूप से जागरूक और आत्मनिर्भर बनाना है। कार्यक्रम में स्ट्रीट वेंडर्स के ई-पंजीयन की शुरुआत की जाएगी। इसके साथ ही स्वनिधि चौपाल के माध्यम से केंद्रीय राज्य मंत्री श्री तोखन साहू और उप मुख्यमंत्री श्री अरुण साव पथ विक्रेताओं से सीधा संवाद करेंगे। इस दौरान हितग्राहियों को चेक और निःशुल्क यूपीआई पेमेंट बॉक्स वितरित किए जाएंगे। योजना से जुड़े लाभार्थियों के प्रतिभावान बच्चों को भी सम्मानित किया जाएगा।
महोत्सव स्थल पर पथ विक्रेताओं द्वारा विभिन्न खाद्य पदार्थों के स्टॉल लगाए जाएंगे, जिससे स्थानीय छोटे व्यवसायियों को अपने उत्पाद और व्यवसाय प्रदर्शित करने का अवसर मिलेगा। इसके अलावा पीएम स्वनिधि योजना पर आधारित प्रदर्शनी भी लगाई जाएगी। प्रदर्शनी के माध्यम से योजना के उद्देश्य, हितग्राहियों को मिलने वाली सुविधाओं और स्वरोजगार को बढ़ावा देने में इसकी भूमिका की जानकारी दी जाएगी। आयोजन में पथ विक्रेताओं को डिजिटल भुगतान प्रणाली अपनाने और अपने व्यवसाय को आधुनिक सुविधाओं से जोड़ने के लिए प्रोत्साहित किया जाएगा।
नगरीय प्रशासन एवं विकास विभाग के प्रमुख सचिव श्री सोनमणि बोरा ने बताया कि महोत्सव के दौरान पीएम स्वनिधि योजना के प्रभावी क्रियान्वयन में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले बैंकों और उनकी शाखाओं को प्रशस्ति पत्र एवं स्मृति चिह्न देकर सम्मानित किया जाएगा। संभाग के नौ ऐसे हितग्राहियों को भी सम्मानित किया जाएगा, जिन्होंने योजना के तहत बेहतर कार्य किया है। इसके साथ ही उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले नगर निगमों, नगर पालिकाओं और नगर पंचायतों को भी प्रशस्ति पत्र तथा स्मृति चिह्न प्रदान किए जाएंगे। इस तरह आयोजन में योजना से जुड़े हितग्राहियों के साथ-साथ इसे सफल बनाने में योगदान देने वाले संस्थानों को भी प्रोत्साहित किया जाएगा।
कार्यक्रम के दौरान वित्तीय साक्षरता, बैंकिंग सुविधाओं और डिजिटल भुगतान को लेकर विशेष जागरूकता सत्र आयोजित होंगे। भारतीय स्टेट बैंक के अधिकारी पथ विक्रेताओं को वित्तीय समावेशन, बैंकिंग सेवाओं के उपयोग और वित्तीय प्रबंधन से संबंधित जानकारियां देंगे। वहीं डिजिटल पेमेंट एग्रीगेटर्स के प्रतिनिधि डिजिटल लेन-देन की प्रक्रिया और इसके व्यावहारिक उपयोग के बारे में जानकारी साझा करेंगे। इन गतिविधियों का उद्देश्य छोटे कारोबारियों को सुरक्षित और सुविधाजनक डिजिटल भुगतान के प्रति जागरूक करना है। महोत्सव में सांस्कृतिक कार्यक्रमों की प्रस्तुतियां भी होंगी।
स्वनिधि महोत्सव में बिलासपुर क्षेत्र के कई जनप्रतिनिधि और पदाधिकारी भी शामिल होंगे। इनमें विधायक श्री अमर अग्रवाल, श्री धरमलाल कौशिक, श्री धर्मजीत सिंह, श्री सुशांत शुक्ला, श्री दिलीप लहरिया और श्री अटल श्रीवास्तव शामिल हैं। इनके अलावा बिलासपुर नगर निगम की महापौर श्रीमती पूजा विधानी, जिला पंचायत अध्यक्ष श्री राजेश सूर्यवंशी, क्रेडा अध्यक्ष श्री भूपेन्द्र सवन्नी, छत्तीसगढ़ पाठ्य पुस्तक निगम के अध्यक्ष श्री राजा पाण्डेय, छत्तीसगढ़ योग आयोग के अध्यक्ष श्री संजय अग्रवाल, जिला सहकारी केंद्रीय बैंक बिलासपुर के अध्यक्ष श्री रजनीश सिंह तथा नगर निगम बिलासपुर के सभापति श्री विनोद सोनी भी विशिष्ट अतिथि के रूप में उपस्थित रहेंगे।
